ऋषि महाजन/नूरपुर। जिला कांगड़ा के नूरपुर के कंडवाल स्थित ज्योति पैलेस में भारतीय जनता पार्टी का संयुक्त मोर्चा सम्मेलन आयोजित हुआ। यह सम्मेलन भाजपा संगठनात्मक जिला नूरपुर के अध्यक्ष राजेश काका की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।
सम्मेलन में धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में 4 दिसंबर को होने वाली कांग्रेस सरकार के विरुद्ध रोष रैली को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में चंबा-कांगड़ा के सांसद राजीव भारद्वाज, जबकि नूरपुर के विधायक रणवीर निक्का विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
फतेहपुर के युवा नेता और जिला नूरपुर के महामंत्री कुलदीप डोगर ने भी बैठक में सहभागिता निभाई कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर मजबूती, भीड़ जुटाने और सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता तक प्रभावी संदेश पहुंचाने को कहा गया।
सांसद राजीव भारद्वाज ने कहा कि 4 दिसंबर की धर्मशाला रैली जनता की आवाज़ बनने जा रही है। प्रदेश की जनता वर्तमान सरकार की नीतियों से परेशान है और उसी असंतोष को हम संगठित तरीके से सामने लाएँगे। कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा के साथ तैयार हैं।
नेताओं ने कहा कि धर्मशाला में होने वाली रैली प्रदेश के बढ़ते असंतोष का बड़ा मंच बनेगी। सम्मेलन में आगामी आयोजनों और संगठनात्मक गतिविधियों का विस्तृत खाका भी साझा किया गया।
विधायक रणवीर निक्का ने कहा कि नूरपुर से भारी संख्या में कार्यकर्ता रैली में पहुँचेंगे। यह सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता के हक़ और उनके मुद्दों की मजबूत पैरवी का संकल्प है। सरकार की विफलताओं को अब छुपाया नहीं जा सकता।
इसी दौरान सांसद राजीव भारद्वाज ने प्रदेश सरकार को मंडी जश्न के आयोजन पर भी घेरा। उन्होंने कहा कि जहां प्रदेश हालिया त्रासदी से उबर नहीं पाया, वहीं सरकार जश्न मनाने में व्यस्त है।
मंडी में जहां लोगों ने अपना सब कुछ खोया, वहां सरकार जश्न मना रही है। यह जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। कांग्रेस सरकार बताए कि जब एक भी चुनावी गारंटी पूरी नहीं हुई, तो किस बात का जश्न मनाया जा रहा है ?
https://youtube.com/shorts/JO9i5ewJDuw