शिमला। लोहड़ी से पहले हिमाचल प्रदेश में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सोलन जिले के अर्की बाजार में आग लगने से एक आठ साल के बच्चे की जान चली गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात लगभग 02 बजकर 45 मिनट पर अर्की बाजार के एक पुराने भवन में आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही डीसी सोलन मनमोहन शर्मा ने स्थानीय प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों के निर्देश दिए।
अर्की अग्निशमन विभाग के साथ-साथ ज़िला शिमला के बालुगंज, ज़िला सोलन के बनलगी और अम्बुजा सीमेंट कंपनी के अग्निशमन वाहनों को तुरंत घटना स्थल की ओर रवाना किया गया। अग्निशमन वाहनों द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए अग्नि को फैलने से रोका गया और यह प्रयास किया गया कि नुकसान न्यूनतम हो।
यह पुराना भवन लकड़ी का बना था और इस कारण आग बहुत तेज़ी से फैली। अग्निशमन विभाग द्वारा अग्नि पर काबू पा लिया गया है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार इस अग्निकांड में एक 08 वर्षीय बच्चे प्रियांश की दुःखद मृत्यु का समाचार है।
मृतक के परिजनों को फौरी सहायता उपलब्ध करवाई गई है। ज़िला प्रशासन द्वारा इस अग्निकांड के जांच के आदेश दे दिए गए है। इस अग्निकांड में दो लोग घायल हुए हैं। इनका उपचार नागरिक अस्पताल अर्की में किया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन को इन्हें समुचित सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने रविवार देर रात घटित सोलन जिले के अर्की बाजार में भीषण अग्निकांड पर गहरा दुःख व्यक्त किया है, जिसमें आठ वर्षीय बच्चे की मृत्यु का समाचार प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री ने सूचना मिलते ही जिला प्रशासन को युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आग को बुझाने के लिए अर्की अग्निशमन विभाग के साथ-साथ जिला शिमला के बालूगंज, जिला सोलन के बनलगी और अम्बुजा सीमेंट कंपनी के अग्निशमन वाहनों को तुरंत घटना स्थल की ओर रवाना किया गया। उन्होंने कहा कि अग्निशमन विभाग द्वारा अग्नि पर काबू पा लिया गया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक संजय अवस्थी मौके पर जाकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस घटना में घायल दो लोगों का उपचार नागरिक अस्पताल अर्की में किया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन को इन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों को तुरन्त सहायता उपलब्ध करने के निर्देश दिए है तथा जिला प्रशासन को इस घटना की गहन जांच करने के आदेश दिए।
ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत की आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।