हमीरपुर। क्या आप भी कोई ज़रूरी सामान या अपने छोटे से बिज़नेस का पार्सल डाक से भेजने की सोच रहे थे तो ठहरिए ! डाकिया डाक लाया तो ज़रूर है, लेकिन इस बार अपने साथ मंहगाई का एक करारा झटका भी लाया है।
डाक विभाग ने स्पीड पोस्ट और पार्सल की दरों में ऐसा उछाल मारा है कि 500 ग्राम का मामूली सा पार्सल, जो कल तक सिर्फ 18 रुपये में जाता था, आज सीधे 34 रुपये का हो चुका है।
जी हां, शुरुआती किराया ही लगभग दोगुना। चाहे गांव का आम इंसान हो या ऑनलाइन बिज़नेस चलाने वाला छोटा व्यापारी... अब हर किसी के लिफ़ाफ़े का बोझ भारी होने वाला है। आइए इसे विस्तार से समझते हैं ....
डाक विभाग ने अपने ग्राहकों को झटका देते हुए इंडिया पोस्ट पार्सल और स्पीड पोस्ट की दरों में बढ़ोतरी कर दी है। अगस्त से लागू हुई इन नई दरों का असर आम जनता से लेकर ऑनलाइन कारोबार करने वाले छोटे व्यापारियों पर भी पड़ेगा।
अब 500 ग्राम तक का इंडिया पोस्ट पार्सल भेजने पर 34 रुपये शुल्क देना होगा, जिस पर जीएसटी अलग से लागू होगा। दूरी और क्षेत्र के अनुसार यह खर्च और बढ़ जाएगा। प्रदेश के भीतर पार्सल भेजने पर अधिकतम 77 रुपये, मेट्रो जोन के लिए 82 रुपये और अन्य राज्यों के लिए 84 रुपये तक का भुगतान करना पड़ सकता है।
भारी सामान भेजने वालों की जेब पर भी इसका बड़ा असर पड़ेगा। 35 किलोग्राम के पार्सल के लिए स्थानीय स्तर पर 1,273 रुपये और दूसरे राज्यों के लिए 3,800 रुपये तक देने होंगे। यही वजन अगर स्पीड पोस्ट से भेजा जाता है, तो स्थानीय स्तर पर 1,444 रुपये और अन्य राज्यों के लिए 5,058 रुपये तक शुल्क तय किया गया है।
सामान्य स्पीड पोस्ट की दरों में भी इजाफा हुआ है। 20 ग्राम तक के स्पीड पोस्ट का शुल्क 42 रुपये से बढ़ाकर 56 रुपये कर दिया गया है। वजन और दूरी के हिसाब से अन्य श्रेणियों में भी 10 से 15 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
डाक विभाग हमीरपुर के उपअधीक्षक जोगिंद्र सिंह ने पुष्टि की है कि ये संशोधित दरें लागू हो चुकी हैं। इस फैसले से अब कम कीमत वाले उत्पाद बेचने वाले छोटे कारोबारियों और अपने रिश्तेदारों को सामान भेजने वाले आम लोगों का बजट प्रभावित होना तय है।