ऋषि महाजन/नूरपुर। जिला नूरपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है।
CIA विंग नूरपुर की टीम ने गांव सिरत क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई करते हुए 1.524 किलोग्राम चरस (कैनाबिस) के साथ एक तस्कर को धर दबोचा है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 12 अगस्त को पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और नशा तस्करी की रोकथाम के लिए मौजूद थी।
इसी दौरान मुखबिर खास से सटीक सूचना मिली कि हेम राज (पुत्र पुरिया राम), निवासी आंजी (शिमला), हाल निवासी सिरत (तहसील इंदौरा), एक कैरी बैग में भारी मात्रा में चरस लेकर बेचने की फिराक में कच्चे रास्ते पर मौजूद है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर मौके पर दबिश दी और संदिग्ध व्यक्ति को काबू कर लिया।
जब स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के कैरी बैग की तलाशी ली गई, तो उसके भीतर काले रंग के पॉलीथीन लिफाफे से चरस बरामद हुई। डिजिटल तराजू से मापने पर कुल 1.524 किलोग्राम चरस पाई गई। पुलिस ने नियमानुसार बरामद मादक पदार्थ को अपने कब्जे में ले लिया है।
इस संदर्भ में पुलिस थाना डमटाल में आरोपी के खिलाफ धारा 20, 29-61-85 ND&PS Act, 1985 के तहत एफआईआर संख्या 132/2026 दर्ज की गई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पुलिस जिला नूरपुर) ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगामी जांच जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसके अवैध कारोबार के तार किन-किन अन्य लोगों से जुड़े हैं।