कांगड़ा। नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले पंचायत प्रतिनिधियों पर हमला करने वालों के खिलाफ कांगड़ा पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है।
ग्राम पंचायत हलेडकंला के प्रधान अरुण चौधरी के साथ मारपीट कर फरार हुए वांछित आरोपी ब्रजेश कुमार उर्फ मामू (निवासी डूंगा बाजार, कांगड़ा) को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
ग्राम पंचायत हलेडकंला के प्रधान अरुण चौधरी ने गांववासियों की मौजूदगी में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को रोका था, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध थीं और जिनके पास चिट्टा/नशीले पदार्थ होने की आशंका थी। पूछताछ के दौरान आरोपी ब्रजेश कुमार उर्फ मामू मौके पर पहुंचा और पंचायत प्रधान के साथ मारपीट कर फरार हो गया।
पुलिस ने 8 अगस्त 2026 को मामला (FIR No. 122/26) दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 121(1), 352, 351(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई शुरू की।
कांगड़ा पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा है और उसे पुलिस रिमांड हासिल करने के लिए माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
आरोपी ब्रजेश कुमार उर्फ मामू पहले भी चिट्टा (हेरोइन) तस्करी के मामलों में संलिप्त रहा है और वर्तमान में जमानत पर बाहर चल रहा था।
कांगड़ा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों और पंचायत प्रतिनिधियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नशे के कारोबार और चिट्टा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।