हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला के सदर थाना के तहत सासन पंचायत में हुई हैवानियत घटना से हर कोई सदमे में है और सबसे बड़ा सदमा है उस दिव्यांग मासूम जिसके सिर से मां का साया उठ गया है।
एक नाबालिग लड़के ने दुष्कर्म करने के इरादे से रंजना देवी पर हमला कर दिया। पांच दिन बाद रंजना ने पीजीआई में दम तोड़ दिया। महिला की मौत के बाद उनके 17 साल के दिव्यांग बेटे वीरेंद्र उर्फ गोलू पर दुखों का पहाड़ पड़ा है। मां के स्वस्थ होने और घर लौटने की उम्मीदें लगाए वीरेंद्र उर्फ गोलू की उम्मीदें भी टूट गई हैं।
प्रारंभिक जांच में यह पाया गया है कि बचाव में संघर्ष करते हुए रंजना देवी चोटिल हुईं और उनका कान तक कट गया। पीजीआई चंडीगढ़ में पांच दिनों तक रंजना देवी जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करती रहीं। शुक्रवार रात को महिला ने दम तोड़ दिया।
रंजना ही दिव्यांग लड़के की देखभाल करती थी। रंजना की पहली संतान एक बेटी थी। बेटी ने जन्म के 17 दिन बाद ही दम तोड़ दिया था। उसके कुछ साल बाद गोलू का जन्म हुआ। बचपन से दिव्यांग होने के कारण गोलू मां पर ही निर्भर था। रिश्तेदार और करीबी पांच दिन से गोलू को संभाले हुए थे, लेकिन अब उसे संभालने के लिए किसी परिवारजन के पास हिम्मत और शब्द बमुश्किल ही बचे हैं।
गोलू के पिता विजय कुमार लोक निर्माण विभाग में बेलदार हैं। गोलू की सारी जिम्मेदारी अब गोलू के ताया और ताई पर आ गई है। गोलू कई बार ताई के साथ दुकान जाता था, लेकिन अधिकतर समय अपनी मां के साथ गुजारता था।
गौर हो कि तीन नवंबर को रंजना कुमारी (40) पत्नी विजय कुमार घास काटने खेतों में जा रही थी। इस दौरान एक नाबालिग दुराचार करने के इरादे से महिला पर झपट पड़ा। जब महिला ने विरोध किया तो नाबालिग ने महिला पर दराती और डंडे से वार किए।
घायल अवस्था में महिला को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया था। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया था। यहां पर रंजना ने दम तोड़ दिया।