ऋषि महाजन/नूरपुर। चार दिवसीय सार्द्ध शताब्दी अंतरराष्ट्रीय आर्य महासम्मेलन में नूरपुर के गौरव विपन महाजन आर्य, महामंत्री, आर्य प्रतिनिधि सभा हिमाचल प्रदेश को सम्मानित किया गया। 2 नवंबर, 2025 को दिल्ली के रोहिणी मैदान में देश-विदेश से आए लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में यह सम्मान उन्हें प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह में योगेश मुंजाल (चेयरमैन, हीरो ग्रुप), लाला दीनदयाल (चेयरमैन, डालर गारमेंट्स) तथा प्रकाश आर्य (सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा) सहित अनेक विद्वान उपस्थित थे। सभी ने विपन महाजन की आजीवन समर्पित सेवा भावना को आर्य संस्कृति के पुनर्जागरण की मिसाल बताया।
महाजन ने लगभग 60 वर्षों से आर्य समाज, नूरपुर में सतत सेवा दी है। 16 वर्षों तक मंत्री पद पर रहते हुए उन्होंने भव्य यज्ञशाला, भवन का नवीकरण और अनेक धार्मिक व सामाजिक योजनाओं को साकार किया।
वे महाजन सभा नूरपुर के महामंत्री भी हैं तथा दोनों संगठनों के आयोजनों को सफल बनाने में उनकी भूमिका सदैव अग्रणी रही है। वर्तमान में वे अखिल भारतीय महाजन शिरोमणि सभा हिमाचल के जोनल प्रधान के रूप में समाज को नई दिशा दे रहे हैं।
अपने इस सम्मान को महाजन ने अपने सभी संबंधियों, आर्य बंधुओं व इष्ट मित्रों को समर्पित करते हुए कहा कि यह पुरस्कार मेरे लिए नहीं, बल्कि नूरपुर की उस मिट्टी के लिए है, जिसने मुझे सत्य, आस्था और सेवा का संस्कार दिया।
सम्मान स्वरूप जो अभिनंदन पत्र उन्हें प्रदान किया गया, वह लकड़ी पर कुरेदकर बनाया गया , जो उनके समर्पण, तप और संस्कार की अमिट छाप को दर्शाता है। नूरपुर आर्य समाज व महाजन बिरादरी में हर्ष का माहौल है।