ऋषि महाजन/फतेहपुर। कृषि एवं पशुपालन मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने आज फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र की टटवाली पंचायत में लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक गौ अभ्यारण्य का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उनके साथ स्थानीय विधायक एवं राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) भवानी सिंह पठानिया भी उपस्थित रहे।
मंत्री चंद्र कुमार ने कहा कि गौवंश की रक्षा और संरक्षण के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसी दिशा में यह परियोजना महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस गौ अभ्यारण्य में चारागाह की व्यवस्था भी की जाएगी और इसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि गौ अभ्यारण्य की आर्थिक आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए इसके परिसर के साथ में सौर ऊर्जा संयंत्र लगाया जाएगा. ताकि सोलर पैनलों से तैयार बिजली को गौ सदन में उपयोग करने के साथ सरकार को भी बेचा जा सके और गौ अभ्यारण्य का खर्चा चलाया जा सके।
उन्होंने कहा कि गौ अभ्यारण्य संचालन के लिए स्थानीय लोगों की समिति बनाई जाएगी तथा यहां के गोबर को भी विक्रय किया जाएगा, ताकि आय का स्रोत सृजित हो।
विधायक भवानी सिंह पठानिया ने फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र को आधुनिक गौ अभ्यारण्य जैसी महत्वपूर्ण परियोजना प्रदान करने के लिए कृषि मंत्री का हार्दिक आभार प्रकट किया। 
उन्होंने कहा कि सरकार गठन के उपरांत उन्होंने कृषि मंत्री से गौ अभ्यारण्य की मांग रखी थी जिसे तुरंत स्वीकृति प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि यह गौ अभ्यारण्य न केवल बेसहारा पशुओं को आश्रय देगा बल्कि क्षेत्र की आर्थिकी को भी सुदृढ़ बनाएगा।
इस अवसर पर एसडीएम विश्रुत भारती, उपनिदेशक पशुपालन डॉ मोहिंद्र श्यामा, सहायक निदेशक डॉ संदीप मिश्रा, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता विनय मेहरा, जल शक्ति के अधिशासी अभियंता विनय लूना, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ भीष्म शर्मा,कांग्रेस प्रवक्ता संसार सिंह संसारी,पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जीत कुमार शर्मा,पंचायती प्रकोष्ठ के प्रधान मनमोहन सिंह, आईएमसी के प्रधान मनु शर्मा,टटवाली ग्राम पंचायत की प्रधान उषा देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा स्थानीय लोग उपस्थित रहे।