कांगड़ा : जलाड़ी में जल शक्ति विभाग के जेई के बनेर खड्ड में बह जाने के मामले में बड़ी अपडेट
ewn24news choice of himachal 26 Aug,2023 5:11 pm
पेयजल स्कीम दुरुस्त करते हुआ था हादसा
कांगड़ा। कांगड़ा के जलाड़ी में बनेर में बहे जल शक्ति विभाग के जेई का शव बरामद हो गया है। देहरा विधानसभा क्षेत्र के हरिपुर पुलिस स्टेशन के तहत बंगोली में बनेर से जेई का शव बरामद हुआ है। एसएचओ हरिपुर पवन कुमार ने शव मिलने की पुष्टि की है।
गौर हो कि 24 अगस्त को जल शक्ति विभाग के जेई राजेश चौधरी बनेर खड्ड में बह गए थे। जेई राजेश चौधरी शाहपुर सर्किल के तहत दौलतपुर सेक्शन में तैनात थे। राजेश चौधरी कांगड़ा शहर के नजदीकी क्षेत्र सहौड़ा के रहने वाले थे और कुछ दिन पहले ही जेई के पद पर प्रमोट हुए थे।
कांगड़ा पुलिस स्टेशन के तहत जलाड़ी में जल शक्ति विभाग के पंप हाउस में ये हादसा हुआ। पंप हाउस संगम नामक जगह पर स्थित है। यहां पर दो-तीन नदियां आपस में मिलती हैं। जेई राजेश चौधरी दो अन्य लोगों के साथ पेयजल योजना को बहाल करने गए थे उसी दौरान अचानक उनका बैलेंस बिगड़ा और वह पानी के तेज बहाव में बह गए।
मामले की सूचना मिलने के बाद कांगड़ा पुलिस स्टेशन से टीम मौके पर पहुंच कर लापता की तलाश को सर्च ऑपरेशन शुरू किया लेकिन उनका दो दिन तक कोई सुराग नहीं मिला। आज बंगोली में जेई राजेश चौधरी का शव बरामद हुआ है।