पझौता में आफत की बारिश, सड़कें बंद, मकानों को खतरा, पुल में पड़ी दरारें
ewn24news choice of himachal 11 Jul,2023 4:41 am
किसानों की जमीनों का हुआ भारी नुकसान
राजगढ़। सिरमौर जिला के राजगढ़ उपमंडल के पझौता क्षेत्र की पंचायतों में भारी बारिश ने कहर बरपाया है। नेहरटी भगोट पंचायत के अंतर्गत गांव नेहरटी भगोट, उलख, कतोगा, शाड़़ पजेवगा, मदराय, समौण, पड़िया हच्चड़ में भारी बारिश के चलते भूस्खलन से किसानों की जमीनों का बहुत नुकसान हुआ है।
राजकीय माध्यमिक स्कूल के पास राकेश छिन्टा, मनोज छिन्टा, बाबू राम छिन्टा, जगदीश छिन्टा उर्फ मनीराम की जमीन पर भूस्खलन से काफी नुकसान हुआ है। उनकी गौशाला व स्कूल के शौचालय पर भी खतरा बना हुआ है। उलख कतोगा (बगौर) के मनोज छिन्टा व बलवीर छिन्टा ने बताया कि भूस्खलन के चलते काफी नुकसान उठाना पड़ा है।
वेद प्रकाश छिन्टा कतोगा, संदीप कुमार उलख व जीत सिंह गांव शाहड़ के मकानों के आसपास भी लैंडस्लाइड हुआ है। इससे इन सभी के मकानों को भी खतरा पैदा हो गया है। ग्राम पंचायत नेहरटी भगोट के उपप्रधान अजय शर्मा ने बताया कि पझौता क्षेत्र की सड़कें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
यातायात व्यवस्था पूरी तरह से बंद है। सड़कों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने अपनी पंचायत के सभी लोगों से आग्रह किया है कि वे नुकसान की फोटो व वीडियो भेजें, ताकि इसे जिला उपायुक्त को भेजा ेजा सके।
उलख गांव में मीरा देवी पत्नी जीत सिंह व नेहरटी गांव में राजेश हाब्बी के मकान के पीछे लैंडस्लाइड से मकान को खतरा पैदा हो गया है। उप प्रधान ने मौके पर जाकर जायजा लिया। पड़िया खड्ड पर बने पैदल चलने वाले पुल में काफी दरारें आ चुकी हैं। कभी भी कोई अनहोनी हो सकती है।
कुंदन सिंह व हेम सिंह गांव सर्वा के मकानों के पास भी भूस्खलन से बहुत नुकसान हुआ है। लोगों ने प्रशासन से निवेदन किया है कि पंचायत में हुए नुकसान का जायजा लेकर शीघ्र समस्या का समाधान करने की कृपा करें।