गर्मी का प्रकोप : कांगड़ा जिला में बदली स्कूलों की टाइमिंग, आदेश जारी
अब सुबह साढ़े 7 बजे लगेंगे स्कूल
कांगड़ा। हिमाचल में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अगले चार दिन लू चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इसके मध्यनजर कांगड़ा जिला में स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया गया है।
कांगड़ा जिला में अब स्कूल सुबह साढ़े सात बजे लगेंगे और दोपहर एक बजे छुट्टी होगी। इस बारे डीसी कांगड़ा हेमराज बैरवा ने आदेश जारी कर दिए हैं।
पहले धर्मशाला, पालमपुर, बैजनाथ और जयसिंहपुर सब डिवीजन को छोड़कर बाकी सब डिवीजन में स्कूलों का समय बदला था। पर बाद में आदेशों में संशोधन कर पूरे कांगड़ा जिला में स्कूलों की टाइमिंग बदल दी गई है।
लू से बचने के लिए शिशु, बुजुर्ग, पुरानी बीमारियों वाले लोग ज्यादा सतर्कता बरतें। गर्मी के संपर्क से बचें। अपने सिर को ढकें, कपड़े, टोपी या छाते का उपयोग करें। हल्के, हल्के रंग, ढीले और सूती कपड़े पहनें।