पांवटा साहिब। सिरमौर जिला के पांवटा साहिब उपमंडल के तहत शिलाई विधानसभा क्षेत्र में भीषण अग्निकांड हुआ है। ग्राम पंचायत क्यारी गुंडाह के गांव खाटाधार में भयंकर आग लगने से एक गौशाला जलकर राख हो गई। इस घटना में गौशाला के अंदर बंधे 6 मवेशियों की जिंदा जलने से जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले आसपास पड़ी सूखी घास में लगी थी। घास सूखी होने के कारण चिंगारी ने कुछ ही पलों में ही विकराल रूप धारण कर लिया। हवा के साथ आग की तेज लपटें तेजी से आगे बढ़ीं और गांव के ही निवासी बलवीर सिंह पुत्र मदन सिंह की गौशाला तक पहुंच गईं।
देखते ही देखते आग ने पूरी गौशाला को अपनी चपेट में ले लिया। आग का मंजर इतना खौफनाक था कि पीड़ित परिवार को कुछ भी समझने या संभलने का मौका ही नहीं मिला।
पीड़ित बलवीर सिंह ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि गौशाला के अंदर बंधे मवेशियों की रस्सियां खोलने और उन्हें बाहर निकालने का समय ही नहीं मिल पाया। इस भीषण अग्निकांड में गौशाला पूरी तरह से राख हो गई, जबकि अंदर बंधे 2 बैल, 2 गाय और 2 बकरे जिंदा जल गए।
आग लगने और मवेशियों की चीख-पुकार सुनकर पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण तुरंत अपने-अपने घरों से पानी और मिट्टी लेकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। गांव वालों की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया, जिससे आग को गांव के अन्य घरों तक फैलने से रोक लिया गया।
इस अग्निकांड में पीड़ित परिवार को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। घटना के बाद गांव के लोगों और पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन से अपील की है कि मौके का मुआयना कर पीड़ित बलवीर सिंह के परिवार को तुरंत फौरी राहत प्रदान की जाए और नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए।