सिरमौर में बादल फटा : एक परिवार के 5 सदस्य लापता, 100 लोग रेस्क्यू
ewn24news choice of himachal 10 Aug,2023 4:12 pm
पूरी रात चलता रहा राहत व बचाव कार्य
पांवटा साहिब। हिमाचल प्रदेश में कुदरत का कहर एक बार फिर बरपा है। सिरमौर जिला के पांवटा साहिब उपमंडल के सिरमौरी ताल के नजदीक मालगी, औली में बुधवार रात बादल फटा है। सिरमौरी ताल में तीन घर बादल फटने से आई बाढ़ व मलबे के पानी में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं।
दो घरों के लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया, जबकि एक परिवार के पांच सदस्य लापता थे। इनमें से एक का शव मिला है बाकियों की तलाश जारी है। लापता लोगों में दो बच्चे शामिल हैं। गिरी नदी इस समय भी उफान पर है।
परिवार के पांच सदस्यों में कुलदीप सिंह (62) पुत्र संत राम, जीतो देवी (55) पत्नी कुलदीप सिंह, रजनी देवी (31) पत्नी विनोद कुमार, नितेश (10) पुत्र विनोद कुमार और दीपिका (8) पुत्री विनोद कुमार निवासी सिरमौरी ताल तहसील पांवटा साहिब लापता हुए। इनमें से परिवार के मुखिया कुलदीप सिंह का शव मिला है।
प्रशासन और स्थानीय लोगों ने पूरी रात राहत व बचाव कार्य किया। मुगलवाला करतारपुर पंचायत के सिरमौरी ताल में 100 से अधिक सदस्यों को उनके घरों में मलबे के बीच से निकालकर रेस्क्यू किया गया।
एक घर पर भारी-भरकम चट्टानों और मलबे के नीचे दब गया है और घर के सदस्यों का भी फिलहाल कोई पता नहीं चल पाया है। राजबन बाबा पत्थर नाथ मंदिर से लेकर सिरमौरी ताल तक की तीन-चार किलोमीटर सड़क को बहाल करने में ही एलएनटी मशीनों को पूरी रात मशक्कत करनी पड़ी।
सड़क पर बडे़-बडे़ पत्थर, पेड़ और कीचड़ इतना भर गया था कि उसे साफ करना मुश्किल हो रहा था। बावजूद इसके एनएच पर कार्य कर रही कंपनी की मशीनों के चालकों ने रात भर सड़क बहाली का कार्य किया।
उधर, पांवटा साहिब के डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि पूरी रात भर चले राहत व बचाव कार्य में 100 से अधिक लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। एक घर के 5 लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए अब दोबारा से रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया है।