धर्मशाला : सुधीर को लेकर अनुराग ठाकुर का बड़ा खुलासा - भाजपा की पहले से थी नजर
ewn24news choice of himachal 15 May,2024 12:23 am
केंद्रीय मंत्री की मौजूदगी में भाजपा प्रत्याशी ने भरा नामांकन
धर्मशाला। कांगड़ा जिला के धर्मशाला विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी सुधीर शर्मा ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की उपस्थिति में आज नामांकन दाखिल किया। नामांकन के बाद जोरावर स्टेडियम में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसे स्वाभिमान दिवस का नाम दिया गया।
धर्मशाला से नामांकन भरने के बाद मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सुधीर शर्मा को लेकर बड़ा खुलासा किया है। केंद्रीय मंत्री के खुलासे से प्रतीत होता है कि सुधीर शर्मा पर भाजपा की पहले से ही नजर थी।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि मुझे आज भी याद है, 'सुधीर शर्मा ने जब अपना पहला उपचुनाव लड़ा था तो उस समय पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल चाहते थे कि सुधीर भाजपा में हों। अब इनके भाजपा में आने से पार्टी को बल मिलेगा और कार्यकर्ता भी इनकी जीत सुनिश्चित करेंगे।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि सुधीर शर्मा की जीत के साथ लोकसभा में चौका और विधानसभा में छक्का लगेगा। धर्मशाला में सुधीर शर्मा लड़ रहे हैं तो मुझे पूर्ण विश्वास है कि छक्का बाउंड्री पार जाने वाला है और वह रिकॉर्ड मतों से जीतेंगे।
उन्होंने सीएम सुखविंदर सुक्खू पर तंज कसते हुए कहा कि आजकल फिल्मों की बात ज्यादा चल रही है, उनको लगता है कि उनकी फिल्म हिट होगी, लेकिन उनकी फिल्म इंटरवल तक भी नहीं चलती और लोग उठकर चले जाते हैं। सुक्खू की फिल्म ऐसी है, जिसको देखने में लोगों ने उत्साह नहीं दिखाया।
नामांकन भरने के बाद भाजपा प्रत्याशी सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला की सीट भाजपा इतने मत से पहले कभी नहीं जीत पाई होगी, उतने से इस बार जीतेगी। सत्तापक्ष में बौखलाहट है। धर्मशाला के भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश है।