हरिपुर। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर के विधानसभा क्षेत्र के एचआरटीसी देहरा डिपो की बसों का लोगों को बीच रास्ते दगा देने का सिलसिला जारी है। अब देहरा से नंदपुर वाया बंगोली, भटोली, हरिपुर, नगरोटा सूरियां बस (HP36B8762) बीच रास्ते धोखा दे गई।
बस सुबह करीब 9 बजकर 12 मिनट पर देहरा से नंदपुर के लिए रवाना हुई थी। करीब सवा दस बजे भटोली फकोरियां से लौटते वक्त पर निचली बंगोली में खराब हो गई। बस खराब होने से हरिपुर, बिलासपुर, सकरी, नगरोटा सूरियां, नंदपुर आदि जाने वाली सवारियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
क्योंकि बस ऐसी जगह खराब हुई, जहां से यातायात के साधन काफी कम हैं। क्योंकि बंगोली, भटोली फकोरियां लिंक रोड है और यहां पर बसें समय-समय पर आती हैं। ऐसे में लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए पैसा खर्च कर निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा।
कुछ लोग पैदल दोसड़क तक सफर करने पर मजबूर हुए। यात्रियों का कहना था कि बस देहरा-हरिपुर मार्ग पर कहीं खराब हुई होती तो इतनी परेशानी न उठानी पड़ती। इस मार्ग पर यातायात के साधन मिल जाते हैं।
बता दें कि कुछ दिन पहले डाडासीबा-कांगड़ा वाया बंगोली, भटोली, वासा, महेवा एचआरटीसी बस भी इंदिरा कालोनी में दगा दे गई थी। कांगड़ा से लौटते वक्त शाम के समय करीब साढ़े 4 बजे इंदिरा कॉलोनी मोड़ पर बस हांफ गई और चढ़ाई नहीं चढ़ पाई।
बाद में बस को किसी अन्य वाहन की मदद से सड़क के किनारे किया गया। यही नहीं साल 2026 की शुरुआत में हिमाचल पथ परिवहन निगम की देहरा डिपो की पठानकोट से ठियोग जा रही बस शुक्रवार सुबह करीब 8:15 बजे गुलेर रेलवे स्टेशन के समीप अचानक खराब हो गई।
बस में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण उसे आगे नहीं ले जाया जा सका। इससे बस में सवार यात्रियों को भारी परेशानी हुई। लोगों की मांग है कि देहरा डिपो की सुध ली जाए। साथ ही कंडम बसों को हटाकर नई बसों का प्रबंध किया जाए।
उधर, एचआरटीसी देहरा आरएम आयुष उपाध्याय ने कहा कि बसों में तकनीकी खराबी आ जाती है। इसका क्या किया जा सकता है।