धर्मशाला। प्रधानमंत्री द्वारा पीएम-किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त शुक्रवार को ऑनलाइन माध्यम से जारी की गई। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र कांगड़ा में भी एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 85 किसानों ने भाग लिया।
कृषि विज्ञान केंद्र से कांगड़ा के किसान इस कार्यक्रम से ऑनलाइन जुड़े रहे। पीएम-किसान की किस्त जारी होने से पहले कृषि विज्ञान केंद्र कांगड़ा में उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए उप कृषि निदेशक डॉ. कुलदीप धीमान ने बताया कि जिला कांगड़ा के लगभग एक लाख पात्र किसानों को आज प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत दो हजार रुपये की राशि उनके बैंक खातों में जमा की जाएगी।
इस मौके पर डॉ. धीमान ने किसानों को एग्री स्टैक पोर्टल में पंजीकरण करवाने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि सभी भूमि मालिक 31 मार्च से पहले एग्री स्टैक पोर्टल पर अपना पंजीकरण अवश्य करवा लें, अन्यथा भविष्य में उन्हें न तो पीएम-किसान योजना की किस्त मिल पाएगी और न ही अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सकेगा।
उन्होंने उपस्थित किसानों को यह भी बताया कि अब खेतों की गिरदावरी एक निजी कंपनी के माध्यम से करवाई जा रही है। इसके तहत कंपनी के प्रतिनिधि किसानों के खेतों में जाकर एक ऐप के माध्यम से खेतों की फोटो लेंगे और उसमें उगाई गई फसल अथवा खेत में बनी किसी इमारत का विवरण दर्ज करेंगे। डॉ. धीमान ने किसानों से अनुरोध किया कि यदि इस कार्य के लिए सर्वेयर उनके खेतों में आते हैं, तो वे उन्हें पूरा सहयोग प्रदान करें।