ऋषि महाजन/देहरी। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत कार्यालय, कांगड़ा व शारीरिक शिक्षा विभाग वजीर राम सिंह राजकीय महाविद्यालय के संयुक्त तत्वाधान में वज़ीर राम सिंह राजकीय महाविद्यालय देहरी के खेल मैदान जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखते हुए खेलों एवं फिटनेस के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस जिला नूरपुर के एसपी कुलभूषण वर्मा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि एसडीएम विश्रुत भारती व महाविद्यालय के प्राचार्य सचिन कुमार तथा अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी भी मौजूद रहे। प्रतियोगिता में विभिन्न युवा मंडलों के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
वॉलीबॉल, बैडमिंटन, हाई जंप, टेबल टेनिस, गोला फेंक तथा रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सभी विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। युवाओं को नशा मुक्त जीवन की ओर प्रेरित करने तथा Fit India Movement से जोड़ने के उद्देश्य से युवा मंडल देहरी एवं युवा मंडल बडूखर को खेल सामग्री भी वितरित की गई।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने युवाओं को "खेलो भारत नीति" का अध्ययन करने, फिट इंडिया मिशन के उद्देश्यों को आत्मसात करने तथा विकसित भारत युवा संसद कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया। उन्होंने साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और विकसित भारत के विजन को साकार करने के लिए परिश्रमपूर्वक आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए उप-निदेशक ध्रुव डोगरा ने बताया कि भारत सरकार द्वारा युवाओं को फिट इंडिया मुहिम से जोड़ने एवं माननीय प्रधानमंत्री के "विकसित भारत @2047" के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु ऐसे कार्यक्रम विभिन्न विभागों द्वारा निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।
यह सफल आयोजन वज़ीर राम सिंह राजकीय महाविद्यालय देहरी के सौजन्य एवं कुशल प्रबंधन में संपन्न हुआ, जिसने युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।
वॉलीबॉल में ढसोली युवा क्लब और बैडमिंटन में महक गुप्ता ने प्रथम स्थान हासिल किया। हाई जंप में विकास, टेबल टेनिस में अखिल कुमार और गोला फेंक में अदिति चौधरी अव्वर रहीं। रस्साकशी में राजा का तालाब युवा क्लब पहले स्थान पर रहा।