रेखा चंदेल/घुमारवीं। गर्मियों का सीजन शुरू हो गया है, लेकिन घुमारवीं में बंद पड़ा हैंडपंप अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। इसके कारण स्थानीय व्यापारियों और बाजार आने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। बता दें कि घुमारवीं पुलिस थाने के पास नाहर सिंह मंदिर के नजदीक लगा सार्वजनिक हैंडपंप कई महीनों से बंद पड़ा है।
गांधी चौक से तहसील कार्यालय तक के बाजार में यही एक सार्वजनिक जल स्रोत था, जहां से दुकानदार और लोग आसानी से पानी भरते थे। इसके बंद होने के कारण स्थानीय दुकानदारों और अन्य लोगों को अब पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि इस बारे में कई बार संबंधित विभाग को बताया गया, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
स्थानीय दुकानदार का कहना है कि जब से सड़क बनने शुरू हुई थी, तब से हैंडपंप बंद है। कार्य के चलते गंदा पानी हैंडपंप के पानी के साथ मिल गया, इसके चलते जल शक्ति विभाग ने इसे बंद कर दिया। इस हैंडपंप से करीब 200 परिवार पानी भरते थे। अब लोगों को इधर उधर से पानी लाना पड़ रहा है। विभाग को इसे ठीक कर चालू कर देना चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। अब तो गर्मियां भी आ गई हैं।
जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के अनुसार पानी की गुणवत्ता ठीक नहीं पाई गई थी, इसलिए हैंडपंप को बंद किया गया है। जल्द ही इसकी फ्लशिंग कराकर पानी की दोबारा जांच की जाएगी और रिपोर्ट सही आने पर इसे फिर से चालू कर दिया जाएगा।