कांगड़ा। हिमाचल के कांगड़ा जिला के पुलिस स्टेशन कांगड़ा की टीम ने 2088 ट्रामाडोल कैप्सूल रखने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
बता दें कि कांगड़ा पुलिस स्टेशन की एक टीम अतिरिक्त एसएचओ एसआई योगेश कुमार की अगुवाई में नियमित गश्त पर थी और कांगड़ा बाईपास के पास हनुमान मंदिर के नजदीक नाका लगाया था।
इस दौरान एक संदिग्ध सफेद रंग की इको स्पोर्ट कार (एचपी 68ए 4199) नाके पर पहुंची। कार चालक नाका तोड़कर भागने की फिराक में था, लेकिन जल्द ही उसे पकड़ लिया गया। कार के अंदर चार व्यक्ति बैठे थे और वे संदिग्ध लग रहे थे।
कार की जांच करने पर वाहन के अंदर 10 डिब्बे मिले, जिनमें प्रॉक्सीको स्पास और स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन के 2088 कैप्सूल थे। दोनों ट्रामाडोल कैप्सूल हैं, जो साइकोट्रोपिक पदार्थों के अंतर्गत आते हैं।
साइकोट्रोपिक पदार्थ, वे रासायनिक पदार्थ होते हैं, जिनसे मस्तिष्क की गतिविधि बदल जाती है। इन्हें मनोसक्रीय भेषज भी कहा जाता है। इन पदार्थों के सेवन से मूड, सोच, चेतना, और व्यवहार में बदलाव आता है। तम्बाकू, शराब, अफीम और हेरोइन कुछ साइकोट्रोपिक पदार्थ के प्रकार हैं।
इन कैप्सूलों के स्टॉक, बिक्री और खरीद से संबंधित कोई भी कागज नहीं था, जिसके परिणामस्वरूप वाहन के अंदर बैठे सभी चार व्यक्तियों पर एनडीपीएस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इन कैप्सूलों का कुल वजन 803.88 ग्राम पाया गया।
गिरफ्तार किए गए चारों युवकों की पहचान रोहित कुमार उम्र 37 वर्ष, ऋषभ कुमार, उम्र 25 वर्ष, अभिषेक उम्र 25 वर्ष और सचिन उम्र 36 वर्ष के रूप में हुई है। ये चारों योल, तहसील धर्मशाला, जिला कांगड़ा के निवासी हैं।
उनकी गिरफ्तारी के तुरंत बाद, आज सुबह योल में उनके घरों में छापेमारी की गई। ऋषभ, अभिषेक और सचिन के घरों से ज्यादा कुछ नहीं मिला, लेकिन रोहित के घर पर छापेमारी के दौरान उसके कमरे में रखे बेड बॉक्स से 283 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुए, जिस पर थाना धर्मशाला में एनडीपीएस एक्ट के तहत एक और मामला दर्ज किया गया। मामले की पुष्टि डीएसपी कांगड़ा अंकित शर्मा ने की है।