रेखा चंदेल / झंडुता। कुछ युवा एक तरफ जहां नशे की ओर अग्रसर हैं, वहीं कुछ युवा ऐसे भी हैं जो समाज सेवा के क्षेत्र में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेकर अनोखी मिशाल पेश रहे हैं। हम बात कर रहे हैं झंडुता तहसील के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र जबलू के नेहरू युवक मंडल जबलू की।
नेहरू युवक मंडल जबलू के प्रधान अजय कुमार ने बताया कि युवक मंडल जबलू पिछले लगभग 3 वर्ष से महीने में एक बार एम्स में लंगर सेवा का आयोजन कर रहा है। इसके साथ साथ अन्य सामाजिक कार्य जैसे माता रानी का जागरण भी युवक मंडल जबलू पिछले 3 वर्ष से करवा रहा है। इस वर्ष युवक मंडल जबलू ने एक नई पहल करते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन किया और भविष्य में भी इसको आगे बढ़ाने के लिए संकल्प लिया।
युवक मंडल जबलू के प्रधान अजय कुमार ने बताया कि युवक मंडल इसके अलावा खेलों का आयोजन, अन्य सामाजिक कार्य करता है तथा हमारे क्षेत्र में साफ सफाई के अभियान इत्यादि भी करवाता रहता है। उन्होंने बताया कि युवक मंडल के साथ-साथ क्षेत्र के अन्य निवासी भी इन कार्यक्रमों में हिस्सा लेते हैं।
अजय कुमार के अनुसार युवक मंडल जबलू ने भविष्य में भी संकल्प लिया है कि युवा वर्ग को सही दिशा दिखाने के लिए तत्पर रहेंगे।