राकेश चंदेल /बिलासपुर। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य ने मां श्री नैनादेवी जी के दर शीश नवाकर पूजा अर्चना की।
मां के दर्शन करने के उपरांत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हिमाचल प्रदेश के विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नैना देवी जी, मां चिंतपूर्णी, मां ज्वालाजी का मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। इसका प्रथम चरण शुरू होने वाला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के शक्तिपीठ पूरे विश्व में विख्यात हैं और यहां पर श्रद्धालुओं को हर तरह की सुविधा प्राप्त हो। उन्हें दर्शन करने में आसानी हो इसको लेकर प्रदेश सरकार ने पूरी तरह से प्रारूप तैयार कर लिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पहली बार माता जी के दरबार में दर्शन करने के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने आज मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। इससे उन्हें काफी आत्म शांति महसूस हुई है।
दिल्ली चुनाव परिणाम को लेकर पत्रकारों के द्वारा पूछे गए सवाल को मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू हंसकर टाल गए। उन्होंने कहा कि मुझे इसके बारे में कुछ पता नहीं मैं तो माता के दर्शनों के लिए आया हूं।