बिलासपुर। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ने दो वर्षों में अपनी 6 चुनावी गारंटियां पूरी कर दी हैं। उन्होंने कहा कि पात्र महिलाओं को चरणबद्ध तरीके से 1500 रुपये प्रति माह बतौर सम्मान राशि दिए जा रहे हैं तथा मार्च 2025 तक 50 हजार महिलाओं को इंदिरा गांधी सुख सम्मान निधि के लाभ मिलने आरंभ हो जाएंगे। यह बात उन्होंने बिलासपुर जिला के श्री नैना देवी जी विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय प्रवास के दौरान कही।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 100 करोड़ रुपये की लागत से नैना देवी जी मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इसका सौंदर्यीकरण तीन चरणों में होगा। उन्होंने कहा कि श्री नैना देवी जी मंदिर के साथ-साथ, मां चिंतपूर्णी मंदिर, मां ज्वालामुखी मंदिर और बाबा बालक नाथ मंदिर का भी राज्य सरकार सौंदर्यीकरण करेगी।
आने वाले समय में अन्य मंदिरों का भी सौंदर्यीकरण किया जाएगा। उन्होंने श्री नैना देवी जी विधानसभा क्षेत्र के जगातखाना में लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग का मंडल खोलने के साथ-साथ नम्होल में उप-तहसील खोलने की घोषणा की। उन्होंने श्री नैना देवी जी में 50 बिस्तर वाले अस्पताल के शेष कार्य को पूरा करने के लिए आठ करोड़ रुपये प्रदान करने के साथ-साथ जुखाला में इनडोर स्टेडियम का निर्माण करने के लिए वित्तीय राशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।
बिलासपुर जिला के श्री नैना देवी जी विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन के माध्यम से हिमाचल प्रदेश में समृद्धि लाने का संकल्प लिया है। राज्य सरकार गांवों में बसने वाले हर व्यक्ति तक पैसा पहुंचाने के लिए प्रयास कर रही है, ताकि उनकी आर्थिकी को सुदृढ़ किया जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पुरानी पेंशन बहाल की जिस कारण केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के लोगों पर कई तरह के प्रतिबंध लगा दिए। अब तक 7 हज़ार 355 से अधिक एनपीएस कर्मचारियों को पुरानी पेंशन मिलनी आरंभ हो गई है।
वह आत्मसम्मान के साथ जीवनयापन कर रहे हैं क्योंकि उनको एनपीएस के तहत मिलने वाली 3 हजार रुपये पेंशन ओपीएस बहाली के बाद बढ़कर 30 हजार हो गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सकार केंद्र सरकार के प्रतिबंधों से उबर रही है और आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में लोक निर्माण विभाग के सभी कॉन्ट्रेक्टरों की देनदारियां जारी कर दी जाएंगी।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भानुपल्ली रेल लाइन पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की सोच का नतीजा है। बिलासपुर तक रेल लाइन बिछाने के लिए राज्य सरकार ने अपना हिस्सा दे दिया है और आगे का खर्च केंद्र स्वयं उठाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने 500 करोड़ रुपये के भवन बना दिए, लेकिन वह खाली पडे़ हैं। हमारी प्राथमिकता भवन बनाना नहीं, हमारी प्राथमिकता अच्छी शिक्षा और अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। हम प्रदेश की जनता को धोखा नहीं दे सकते। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के प्रयासों से शिक्षा के क्षेत्र में सुधार आया है लेकिन सरकार यहां रुकने वाली नहीं है। राज्य सरकार राजीव गांधी आर्दश डे-बोर्डिंग स्कूल चरणबद्ध तरीके से खोल रही है, जिनमें विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ बोर्डिंग स्कूल बन कर तैयार होंगे।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि नवगांव-बैरी सड़क के सुदृढ़ीकरण पर 80 करोड़ रुपये व्यय होंगे, जिसका कार्य जल्द ही शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास को गति देने के लिए भरपूर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बिना भेदभाव के पूरे प्रदेश का एक समान विकास सुनिश्चित कर रही है क्योंकि कांग्रेस के लिए पूरा प्रदेश एक समान है।