राकेश कुमार/बिलासपुर। बिलासपुर राजकीय प्राथमिक केंद्र पाठशाला दघोल की कक्षा पांचवीं की छात्रा सिमरन ने प्रतिष्ठित सैनिक स्कूल की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सिमरन की इस उपलब्धि से पूरे विद्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई है।
इस अवसर पर केंद्र मुख्य शिक्षक किशोरी लाल ने सिमरन को सम्मानित करते हुए कहा कि वह शुरू से ही होनहार, अनुशासित और मेहनती छात्रा रही है। पढ़ाई के प्रति उसकी लगन और निरंतर प्रयास ही आज उसकी सफलता का आधार बने हैं। उन्होंने बताया कि सिमरन ने हर कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है और हमेशा अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रही है।
मुख्य शिक्षक ने इस उपलब्धि के लिए सिमरन, उसके अध्यापकों तथा माता-पिता को हार्दिक बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि दृढ़ निश्चय हो तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं होता।
सिमरन के पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि माता बैंक मित्र के रूप में कार्यरत हैं। साधारण परिवार से संबंध रखने वाली सिमरन ने कम सुविधाओं के बावजूद यह सफलता हासिल कर यह सिद्ध कर दिया कि मेहनत और संकल्प के आगे परिस्थितियां मायने नहीं रखतीं।
सिमरन के माता-पिता ने बेटी की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसका श्रेय उसकी कड़ी मेहनत और विद्यालय के अध्यापकों के कुशल मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने विद्यालय स्टाफ का आभार भी जताया। सिमरन की इस सफलता से न केवल विद्यालय बल्कि आसपास के क्षेत्र में भी गर्व का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है।