ऋषि महाजन/नूरपुर। हर वर्ष की भांति इस बार भी नूरपुर स्थित ऐतिहासिक श्री बृजराज स्वामी मंदिर में दो दिवसीय होली महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।
इस वर्ष मंदिर परिसर को सजाने के लिए करीब चार क्विंटल विभिन्न प्रकार के रंग-बिरंगे फूल मंगवाए गए हैं। पुष्पों से सुसज्जित पूरा मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है और चारों ओर फैली पुष्प सुगंध वातावरण को भक्तिमय बना रही है।
महोत्सव का शुभारंभ 2 मार्च को फूलों की होली के साथ हुआ। दोपहर 2 से 3 बजे तक भगवान की भव्य झांकियां निकाली गईं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर दर्शन लाभ प्राप्त किया।
शाम 3 से 7 बजे तक आयोजित सांस्कृतिक संध्या में लोक गायक टीनू सिंह अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया। इस अवसर पर भगवान श्री बृजराज स्वामी महाराज को छप्पन भोग अर्पित किया गया, जिससे उत्सव की धार्मिक गरिमा और बढ़ गई।
4 मार्च को प्रातः 11 से दोपहर 1 बजे तक गुलाल की होली खेली जाएगी। इस दौरान ‘वॉयस ऑफ पंजाब’ के विजेता गौरव कौंडल अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। सायं 5 से 7 बजे तक पुनः फूलों की होली का आयोजन होगा।
उत्सव के समापन पर भगवान श्री बृजराज स्वामी और मीराबाई की प्रतिमाओं को विधिवत स्नान कराकर भव्य श्रृंगार किया जाएगा। दिनभर मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और प्रभु आराधना का वातावरण बना रहेगा।
मंदिर का इतिहास 1619 से 1624 ईस्वी के मध्य का माना जाता है। मान्यता के अनुसार नूरपुर रियासत के राजा राजा जगत सिंह चित्तौड़गढ़ गए थे, जहां उन्होंने मीराबाई को भगवान श्रीकृष्ण के समक्ष नृत्य करते देखा। बाद में वे इन प्रतिमाओं को उपहार स्वरूप नूरपुर लेकर आए। तभी से यह स्थल क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।