ऋषि महाजन/नूरपुर। कांगड़ा जिला के कस्बा जसूर की व्यस्त साईं मार्केट से दिनदहाड़े एक बाइक चोरी होने का मामला सामने आया है। चोर इतनी चालाकी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए कि आसपास मौजूद लोगों को भी इसकी भनक तक नहीं लगी।
बता दें कि बाइक मालिक मनीष चौधरी ने बताया कि वह अपनी बाइक (HP 72 C 3369) स्प्लेंडर को साईं मार्केट में खड़ी कर अपनी दुकान के अंदर गए थे। वह करीब पांच मिनट बाद ही वापस बाहर आए, लेकिन वहां खड़ी उनकी बाइक गायब थी। पहले तो उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बाइक का कोई पता नहीं चला।
इसके बाद उन्होंने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ की और मार्केट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
दिनदहाड़े बाजार से बाइक चोरी की इस घटना से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि व्यस्त बाजार में इस तरह की वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरों की तलाश जारी है।