पुलिस ने लोगों के साथ शुरू किया था सर्च ऑपरेशन
ऋषि महाजन/नूरपुर। घर से अचानक गायब 13 वर्षीय आयुष पठानिया का शव खड्ड से बरामद हुआ है। लोगों को तलाश के दौरान ग्रेली खड्ड के किनारे आयुष के कपड़े और चप्पलें मिलीं। इसके बाद खड्ड में आयुष की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया और आयुष का शव गहरे पानी से बरामद किया गया।
बता दें कि कांगड़ा जिला के नूरपुर उपमंडल का आयुष पठानिया पुत्र जोगिंद्र सिंह निवासी कदरोह डाकघर खैरियां मंगलवार को अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों और ग्रामीणों ने पहले अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिलने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर देर रात तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन आयुष का पता नहीं चल पाया।
बुधवार सुबह ग्रामीणों ने दोबारा खोजबीन शुरू की। इसी दौरान पास बह रही ग्रेली खड्ड के किनारे आयुष के कपड़े और चप्पलें मिलीं। इसके बाद खड्ड में तलाश शुरू की गई, जहां स्थानीय लोगों ने गहरे पानी से आयुष का शव बरामद किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नूरपुर भेज दिया गया है।
स्थानीय पूर्व प्रधान विक्रम सिंह बिट्टू और उपप्रधान राहुल कुमार ने बताया कि आयुष के लापता होने के बाद पूरे गांव के लोगों ने मिलकर देर रात तक उसकी तलाश की थी। बुधवार सुबह खड्ड के पास कपड़े मिलने के बाद पानी में तलाश करने पर शव बरामद हुआ।
एसपी पुलिस जिला नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मंगलवार को 13 वर्षीय आयुष के लापता होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तुरंत सर्च अभियान शुरू किया था। बुधवार सुबह खड्ड से शव मिलने की सूचना मिली है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।