धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि बोर्ड द्वारा आयोजित HP SMC-LDR Test-2026 की विभिन्न विषयों की परीक्षाएं प्रदेश भर में स्थापित परीक्षा केंद्रों में 22 फरवरी 2026 को आयोजित की गई थीं। इन परीक्षाओं में TGT Arts, TGT Medical, TGT Non-Medical, TGT Hindi, TGT Sanskrit, Drawing Master तथा JBT विषय शामिल थे।
इन परीक्षाओं से संबंधित अस्थायी उत्तर कुंजियां (Provisional Answer Keys) Series A, B, C एवं D शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर अपलोड कर दी गई हैं, ताकि अभ्यर्थी अपने उत्तरों का मिलान कर सकें।
यदि किसी अभ्यर्थी को उत्तर कुंजी में किसी प्रकार की त्रुटि प्रतीत होती है, तो वह प्रमाणित तथ्यों सहित अपनी आपत्ति दिनांक 07 मार्च 2026 तक प्रश्न पत्र निर्धारण शाखा को hpbosesopapersetting.43@gmail.com ई-मेल के माध्यम से भेज सकता है अथवा कार्य दिवसों में बोर्ड कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से भी जमा करवा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 07 मार्च 2026 के उपरांत प्राप्त किसी भी मौखिक अथवा लिखित आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।
बोर्ड अध्यक्ष ने आगे बताया कि मार्च 2026 में आयोजित मैट्रिक (10वीं) एवं जमा दो (12वीं) नियमित तथा राज्य मुक्त विद्यालय (SOS) की वार्षिक परीक्षाओं की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शिक्षा बोर्ड द्वारा महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं लागू की जा रही हैं।
इसके अंतर्गत बोर्ड परीक्षाओं में पूछे गए बहुविकल्पीय प्रश्नों (MCQ) की उत्तर कुंजी परीक्षा संपन्न होने के 48 घंटे के भीतर शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दी जाएगी। यदि किसी परीक्षार्थी, शिक्षक अथवा अन्य व्यक्ति को उत्तर कुंजी में किसी प्रकार की त्रुटि प्रतीत होती है, तो वे अपनी आपत्ति दिनांक 05 अप्रैल 2026 तक बोर्ड कार्यालय की ई-मेल hpbosesopapersetting.43@gmail.com
पर भेज सकते हैं। प्राप्त आपत्तियों की विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा के उपरांत आवश्यकतानुसार संशोधन किया जाएगा।
डॉ. राजेश शर्मा ने यह भी बताया कि कक्षा 10वीं एवं 12वीं (नियमित) के व्यावसायिक विषयों के प्रायोगिक मूल्यांकन की प्रक्रिया पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार फरवरी माह में आयोजित की जानी थी, किंतु व्यावसायिक प्रशिक्षकों (Vocational Trainers) के ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग (OJT) कार्यक्रमों तथा प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में प्रतिकूल भौगोलिक परिस्थितियों के कारण निर्धारित समयावधि में उक्त मूल्यांकन प्रक्रिया को पूर्ण करना संभव नहीं हो पाया।
इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए बोर्ड द्वारा उक्त प्रायोगिक मूल्यांकन कार्यक्रम को पुनर्निर्धारित करते हुए 02 अप्रैल 2026 से 17 अप्रैल 2026 तक आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में SPD/SSC कार्यालय तथा संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि वे निर्धारित अवधि के भीतर मूल्यांकन प्रक्रिया का आयोजन सुनिश्चित करें।
आवश्यकता अनुसार यह मूल्यांकन ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से आयोजित किया जा सकेगा तथा जो विद्यार्थी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नहीं हो पाए थे, उन्हें भी इस अवधि में सम्मिलित होने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
अंत में बोर्ड अध्यक्ष ने विद्यार्थियों से परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी, व्यवस्थित एवं छात्र-हितैषी बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत है।