चंबा। पांच बेटियों की परवरिश और शादी की चिंता, गुजर बसर के लिए मात्र खेती का सहारा। अब चंबा जिला के विकास खंड मैहला की चढ़ी पंचायत के सूताह गांव के संजू पर दुखों का पहाड़ टूटा है।
भारी बारिश ने संजू के परिवार पर कहर बरपाया है। भूस्खलन के चलते मकान के बड़े पत्थर की चपेट में आने से संजू की बेटी और दामाद की मौत हो गई है।
बता दें कि सूताह के संजू ने पांच माह पहले यानी फरवरी में अपनी तीसरे नंबर की बेटी पल्लवी की शादी कियानी के राहुल के साथ बड़ी धूमधाम से की थी। पांच दिन पहले पल्लवी मायके आई थी। रविवार को पल्लवी का पति राहुल उसे वापल ले जाने के लिए अपने ससुराल पहुंचा था।
रविवार रात को सबने खाना खाया और सोने चले गए। उस वक्त बारिश हो रही थी। पल्लवी और उसका पति राहुल पुराने मकान के साथ ही नए बनाए कमरे में सो रहे थे। परिवार के अन्य सदस्य पुराने कमरे में सो रहे थे।
आधी रात के बाद भूस्खलन के चलते घर के पिछली तरफ एक बड़ा पत्थर गिर गया। जिस कमरे में पल्लवी और राहुल सोए थे, वह कमरा पत्थर की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसमें पल्लवी और राहुल की मौत हो गई। पुराने कमरे में सोए लोग बाल बाल बचे।
मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों की मदद से दोनों के शव मलबे से बाहर निकाले। संजू खेतीबाड़ी करते हैं। पल्लवी के अलावा उनकी चार अन्य बेटियां हैं। पल्लवी सहित तीन की शादी हो चुकी है।
वहीं, दो अभी अविवाहित हैं। पल्लवी तीसरे नंबर वाली बेटी थी। अब संजू के घर में माता, पत्नी और दो बेटियां और भाई है। लोगों ने सरकार और जिला प्रशासन से संजू की हर संभव सहायता करने की मांग की है।