चंबा। हिमाचल प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। चंबा जिला में भी रविवार देर रात से बारिश हो रही है। चंबा जिला के भरमौर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चढ़ी के गांव सूताह में संजू पुत्र पुन्नू के मकान पर भूस्खलन के चलते भारी पत्थर गिरने से दो की मौत हुई है। मरने वाले घर के मुखिया की बेटी और दामाद थे।
बता दें कि सूताह की पल्लवी की शादी पांच महीने पहले कियानी गांव के राहुल के साथ हुई थी। पांच दिन पहले पल्लवी मायके आई थी। रविवार को पल्लवी का पति राहुल उसे वापस ले जाने ससुराल पहुंचा था। रविवार रात को घर के अन्य सदस्य पुराने मकान में सोए थे और पल्लवी और उसका पति पास ही नए मकान में सो रहे थे।
रात को भारी बारिश के चलते भूस्खलन से मकान के पीछे से भारी पत्थर के गिरने से नया मकान उसकी चपेट में आ गया। इसमें घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में पल्लवी और राहुल मलबे में दब गए। पुराने मकान में सो रहे लोग बाल बाल बचे।
बता दें कि संजू खेतीबाड़ी करते हैं। पल्लवी के अलावा उनकी चार अन्य बेटियां हैं। तीन की शादी हो चुकी है। वहीं, दो अभी अविवाहित हैं। पल्लवी तीसरे नंबर वाली बेटी थी। अब संजू के घर में में माता, पत्नी और दो बेटियां और भाई है।