ऋषि महाजन/नूरपुर। कांगड़ा जिला के भाजपा जिला कार्यालय जसूर में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर महारानी अहिल्याबाई होल्कर को याद किया गया। यह कार्यक्रम अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर हिमाचल सहित पूरे देश में आयोजित किया जा रहा है।
भाजपा कार्यालय जसूर में आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार मुख्य वक्ता के तौर पर मौजूद रहे। कार्यक्रम में कांगड़ा-चंबा लोक सभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, नूरपुर के विधायक रणबीर सिंह निक्का, भाजपा जिलाध्यक्ष नूरपुर राजेश काका आदि मौजूद थे।
पत्रकारों से बातचीत में मुख्य वक्ता राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि महारानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर जसूर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम बहुत अच्छा रहा। महारानी अहिल्याबाई होल्कर ने 300 वर्ष पहले महाराष्ट्र के औरंगाबाद में साम्राज्य चलाया था।
वह लोगों में बहुत प्रिय थीं। लोग उन्हें राजमाता के तौर पर जानते थे। महारानी अहिल्याबाई होल्कर ने सनातन धर्म को आगे बढ़ाने का कार्य किया। हम आज जिस राम राज्य की कल्पना करते है, उसे उस वक्त महारानी अहिल्याबाई होल्कर ने चलाकर पूरे देश को बताया। इस कार्यक्रम को आयोजित करने का उद्देश्य महारानी अहिल्याबाई होल्कर को याद करना है। साथ ही उस वक्त उन्होंने समाज के लिए जो किया उसे जन-जन तक पहुंचाना है।
वहीं, दिवंगत विमल नेगी मामले में राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि सीबीआई जांच करवाने की मांग पहले से कर रही थी। भाजपा मांग कर रही थी कि मामले की जांच प्रदेश सरकार ने करे, लेकिन सरकार ने बात नहीं मानी। मामले को लेकर विमल नेगी की पत्नी हाईकोर्ट पहुंची। हाईकोर्ट ने सीबीआई जांच करवाने का आदेश दिया।
इससे प्रदेश सरकार की किरकिरी हुई है। पुलिस अधिकारी बयानबाजी कर रहे हैं, जोकि अनुशासनहीनता है। वहीं, उन्होंने हिमाचल को केंद्र से मदद न मिलने की बात को भी खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि जब मित्रों को कैबिनेट रैंक बांटने हों तब आर्थिक तंगी नहीं होती और जब प्रदेश के विकास व कर्मचारियों आदि की बात हो तो आर्थिक तंगी का रोना रोया जाता है। प्रदेश को जो भी हर संभव मदद मिलनी चाहिए, केंद्र सरकार कर रही है। अगर केंद्र सरकार की मदद न हो तो सरकार एक कदम भी नहीं चल सकती है।