हिमाचल : लाहौल घाटी बर्फ से सराबोर, अटल टनल रोहतांग में ताजा हिमपात
ewn24news choice of himachal 30 Apr,2024 12:05 am
कुल्लू-मनाली में भी बढ़ गई ठंड
काजा। हिमाचल के निचले इलाकों में बारिश तो पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है। अटल टनल रोहतांग समेत लाहौल घाटी में बीती रात से हिमपात हो रहा है। पहाड़ियां बर्फ से सराबोर हो गई हैं।
सड़कों पर भी बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। बर्फबारी के चलते लाहौल के साथ कुल्लू-मनाली में भी ठंड बढ़ गई है। लाहौल स्पीति जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए सैलानियों को अटल टनल रोहतांग की तरफ आवाजाही नहीं करने की हिदायत दी है।
ताजा बर्फबारी के कारण अटल टनल रोहतांग में सड़क पर दो इंच ताजा बर्फ की परत जम गई है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने अटल टनल सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद कर दी है।
सोलंगनाला से आगे किसी भी वाहन को नहीं भेजा गया। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सड़क से बर्फ हटने तक सोलंग नाला तक जाने की अनुमति रहेगी।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज हिमाचल प्रदेश के कई जिलों के लिए भारी बारिश, ओलावृष्टि व अंधड़ का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 30 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट है।
1 मई को भी कुछ स्थानों पर मौसम खराब बना रह सकता है। 2 व 3 मई को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं। वहीं, ताजा पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 4 व 5 मई को कई भागों में बारिश की संभावना है।