रेखा चंदेल/झंडूता। राजकीय उच्च पाठशाला बलघाड़ में मोनाल ईको क्लब के बैनर तले विश्व पृथ्वी दिवस मुख्याध्यापक देवराज ठाकुर की अध्यक्षता में बड़ी धूमधाम से मनाया गया।
इस मौके पर पाठशाला में विभिन्न गतिविधियां संचालित की गई। इनमें से चित्रकला, भाषण एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं मुख्य आकर्षण रहीं। छात्रों द्वारा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
मोनाल इको क्लब बलघाड़ के प्रभारी अवनीश कुमार ने सभी छात्रों को विश्व पृथ्वी दिवस मनाने के उद्देश्य से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि आज मानव ही पृथ्वी को नुकसान पहुंचा रहा है और फिर पर्यावरण के संरक्षण के लिए योजनाएं बना रहा है जो कि अति विचित्र है।
विज्ञान जिसे विकास मान रहा है वह असल में प्रकृति के साथ छेड़छाड़ है जिसके परिणाम आज हमारे सामने हैं। विश्व उष्णन जैसी गंभीर समस्या जिसका जीता जागता उदाहरण है। हम सबको पृथ्वी संरक्षण के लिए मिलजुल कर कदम उठाने होंगे ताकि हमारा भविष्य सुरक्षित रहे।
पाठशाला में इस उपलक्ष पर चित्रकला प्रतियोगिता, भाषण एवं क्विज प्रतियोगिता करवाई गई। इस मौके पर देवराज ठाकुर, कुलदीप, सुषमा, अवनीश, सुरेश, सुनील, पंकज, सुमन, पवन शर्मा, चंद्रशेखर, प्रियंका, वीरेंद्र एवं अन्य छात्र उपस्थित रहे।