फतेहपुर। कांगड़ा जिला के पुलिस थाना फतेहपुर तहत जसूर-तलवाड़ा मार्ग पर बरोट के पास शनिवार सुबह सड़क हादसे में दो युवकों ने जान गंवा दी। तीनों युवकों को इलाज अस्पताल में चल रहा था जहां दो ने दम तोड़ दिया वहीं तीसरे का इलाज अभी भी जारी है।
मृतकों में से एक 11वीं कक्षा का छात्र अंकित (17) पुत्र सुरजीत कुमार ने अस्पताल में अंतिम सांस ली। अंकित के पिता दिहाड़ी लगाते थे वहीं मां गृहिणी थी। बेटे की मौत ने परिवार को तोड़ कर रख दिया है। रविवार को ढसोली में उसका अंतिम संस्कार किया गया।
वहीं, गंभीर रूप से घायल अंकित के दो दोस्तों को अलग-अलग अस्पतालों में रेफर किया गया था। इनमें से दूसरा युवक, सौरभ निवासी बड़ी भी रविवार को जिंदगी की जंग हार गया। कार्तिक पुत्र दिलबर निवासी भोल का इलाज चल रहा है।
बता दें कि बरोट के पास शनिवार सुबह एक सड़क हादसा हुआ। यहां पर स्कूटी की स्कूल बस से जबरदस्त टक्कर हो गई। फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के रैहन स्थित निजी स्कूल की बस जब बरोट पेट्रोल पंप के पास पहुंची तो पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कूटी ने बस के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का पिछला हिस्सा झुक गया और स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। स्कूटी पर सवार तीन युवक कार्तिक पुत्र दिलबर निवासी भोल, सौरभ पुत्र नरेश कुमार निवासी बड़ी और अंकित पुत्र सुरजीत कुमार निवासी तिहाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीनों घायलों को प्रारंभिक उपचार के लिए उन्हें सिविल अस्पताल फतेहपुर लाया गया जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए परिजन उन्हें अन्य अस्पतालों में ले गए लेकिन दो युवकों की जान नहीं बच पाई। पुलिस थाना फतेहपुर के अंतर्गत इस मामले में कार्रवाई जारी है।