ऋषि महाजन/नूरपुर। हिमाचल की धरा को हरा भरा रखने व ग्रीन हिमाचल का सपना साकार करने के लिए प्रदेश सरकार ने राजीव गांधी वन संवर्धन योजना का शुभारंभ किया है जिसके तहत प्रदेश में वर्ष 2025-26 में 5 हजार हेक्टेयर भूमि पर पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है। जबकि वन मंडल नूरपुर में 31 हेक्टेयर पर लक्ष्य रखा गया है।
वन मंडल नूरपुर अधिकारी अमित शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के तहत वन मंडल नूरपुर में 31 हेक्टेयर में महिला मंडल, युवक मंडल, स्वयं सहायता समूह के माध्यम से पौधरोपण करेंगे।
इसके तहत युवक मंडलों, महिला मंडलों और स्वयं सहायता समूहों को बंजर भूमि पर फलदार एवं अन्य उपयोगी पौधे लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। हर समूह को योजना में लाखों रुपए मिलेंगे। 50 फीसदी से ज्यादा पौधे सुरक्षित रखते हैं तो उसको एक लाख रुपए की इनाम तौर राशि मिलेगी।
जानकारी देते हुए उन्होंने बताया योजना के तहत 2 हेक्टेयर क्षेत्र के लिए पहले वर्ष में इन समूहों को 2 लाख 40 हजार रुपए फलदार और अन्य पौधे लगाने के लिए दिए जाएंगे।
इसके बाद भी पांच साल तक सर्वाइवल प्रतिशतता 50 प्रतिशत या अधिक होने पर दूसरे, तीसरे, चौथे व पांचवें वर्ष तक सालाना एक लाख रुपये दिए जाएंगे। ऐसे में कुल 6 लाख 40 हजार की राशि प्रत्येक समूह को दी जाएगी, वहीं इन वन क्षेत्रों को जियो टैग किया जाएगा। योजना पर 100 करोड़ खर्च किए जाएंगे।
वन मंडल अधिकारी अमित शर्मा ने बताया कि कि इसके लिए वन मंडल नूरपुर में चयन कर लिया गया है तथा पौधारोपण के लिए चयनित मंडलों को 50 फीसदी ग्रांट पहले दी जाएगी जबकि बाकी 50 प्रतिशत ग्रांट पौधरोपण के बाद दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि अगर कोई युवक मंडल, महिला मंडल व स्वयं सहायता समूह पौधरोपण के बाद उसकी रक्षा करता है और 50 फीसदी से ज्यादा पौधे सुरक्षित रखते हैं तो उसको एक लाख रुपए की राशि इनाम के तौर पर दी जाएगी।