सोलन। जिला पुलिस सोलन को नशे के खिलाफ छेड़े गए अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने दो अलग-अलग मामलों में चिट्टे के साथ पांच युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में करीब 10 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
पहले मामले में सोलन पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर चंबाघाट के समीप स्थित एक होम स्टे में दबिश दी। इस दौरान होम स्टे के कमरे में ठहरे दो युवक एवं एक युवती से 2.70 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नरेंद्र कुमार निवासी जिला सोलन, विक्रांत भारद्वाज निवासी सोलन और सुष्मिता निवासी ढलवान बल्द्वाड़ा, जिला मंडी के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गहनता से पूछताछ की जा रही है. इनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी खंगालने में पुलिस जुटी हुई है।
वहीं, दूसरे मामले में पुलिस थाना अर्की की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जघाना से नालागढ़ की ओर जाने वाली सड़क पर खड़ी एक टैक्सी में बैठकर चिट्टा बेचने की फिराक में लगे तीन आरोपियों को काबू करके उनके कब्जे से कुल 7.51 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है।
आरोपियों की पहचान मनीष, जितेंद्र और अक्षय के रूप में हुई है। तीनों ही आरोपी सोलन के रहने वाले हैं। पुलिस ने टैक्सी को भी जब्त कर लिया है। तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आज कोर्ट में पेश किया गया है।
एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि सोलन पुलिस चिट्टे के खिलाफ चलाए गए अभियान में लगातार चिट्टा तस्करों की धरपकड़ कर रही है। दोनों मामलों में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ये जानने का प्रयास कर रही है कि आरोपी चिट्टे की खेप कहां से लेकर आए थे और किसे बेचने जा रहे थे।