ऋषि महाजन/नूरपुर। रैहन स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित अंडर-14 लड़के एवं लड़कियों की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण समापन हुआ। प्रतियोगिता में 24 विद्यालयों के करीब 250 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने चैस, कबड्डी और बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में ब्लॉक समिति फतेहपुर की अध्यक्ष अनिता कुमारी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं होते, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है।
उन्होंने खिलाड़ियों से मेहनत, लगन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। मुख्यातिथि ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।
अनिता कुमारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होने से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतर मंच मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर गोलवां पंचायत के उपप्रधान अनिल कुमार पप्पू, विद्यालय स्टाफ, खेल आयोजन समिति के सदस्य तथा विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे शिक्षक मौजूद रहे।
चैस:
लड़कों में लिटिल एंजेल मॉडल हाई स्कूल लोहारा विजेता तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रियाली उपविजेता रहा। लड़कियों में रियाली विजेता और एंजेल स्कूल उपविजेता रहा।
कबड्डी:
लड़कों में हटली विजेता तथा धमेटा उपविजेता रहा। लड़कियों में लिटिल एंजेल मॉडल हाई स्कूल लोहारा विजेता और हटली उपविजेता रहा।
बैडमिंटन:
लड़कों में धमेटा विजेता तथा मलहंता उपविजेता रहा। लड़कियों में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रैहन विजेता और हौरीदेवी उपविजेता रही।