ऋषि महाजन/नूरपुर। नूरपुर शहर में पानी की किल्लत ने एक 24 वर्षीय विवाहित युवक की जान ले ली। मृतक की पहचान अर्जुन महाजन (पुत्र स्व. सुरेश महाजन, निवासी वार्ड नंबर 3, नूरपुर) के रूप में हुई है।
सूत्रों के अनुसार, भारी बरसात के कारण बीते दिनों से शहर में पेयजल आपूर्ति बाधित थी। ऐसे में अर्जुन ने निजी खर्च पर घर में पानी की आपूर्ति के लिए टैंकर मंगवाया था। पानी को टंकी तक पहुंचाने के लिए उसके पास पंप नहीं था।
जब वह पास ही एक परिसर में पंप लेने पहुंचा तो पंप से जुड़ी बिजली की तार की चपेट में आ गया। इससे उसे जोरदार करंट लगा और वह मौके पर ही बेहोश हो गया।
अर्जुन को तुरंत नागरिक अस्पताल नूरपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने काफी देर तक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे पठानकोट के एक निजी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, अर्जुन की शादी महज चार माह पहले ही हुई थी। वह अपने परिवार का आखिरी सहारा था। इस घटना से पूरे नगर में शोक की लहर दौड़ गई है। कल मृतक का अंतिम संस्कार किया जाएगा। अर्जुन महाजन समाजसेवी भी था। उसकी असामयिक मृत्यु पर महाजन सभा नूरपुर ने गहरा शोक व्यक्त किया है।