मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में प्राकृतिक आपदा कई लोगों को गहरे जख्म दे गई है। आपदा में लोगों ने अनमोल जिंदगियां खोई हैं। साथ ही कई लोग लापता है, जिनका अभी तक सुराग नहीं लग पाया है। ऐसे ही देजी गांव में 11 लोग लापता हैं। आठ दिन बाद लापता लोगों का सुराग नहीं लग पाया है।
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आपदाग्रस्त पखरैर पंचायत के अंतर्गत देजी व जूड़ गांव का दौरा कर राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि देजी गांव के ही 11 लोगों के लापता हो जाने से गांव ही सूना पड़ गया है। आपदा ने सब कुछ तबाह कर दिया।
लोगों पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा है। संवेदना के शब्द कम पड़ रहे हैं। आठ दिन बाद भी लापता हुए 11 लोगों में से किसी को खोजा नहीं जा सका है। सबसे खूबसूरत जगह पूरी तरह से तबाह होकर वीरान पड़ी है। लोगों का दुःख देखकर अपार पीड़ा हुई। मन बहुत व्यथित है।
मैं सबको यकीन दिलाता हूं हमारा साथ हमेशा का है। चाहे कितनी भी मुश्किलें आएं हम आपके साथ चट्टान की तरह खड़े हैं। हम संघर्ष करेंगे। अपने खून का एक–एक कतरा लगा देंगे। हम फिर से इन वादियों को गुलज़ार करेंगे। यह बुरा दौर गुजर जाएगा। हम फिर से उठ खड़े होंगे।