ऋषि महाजन/नूरपुर। महाप्रबंधक उत्तर रेलवे अशोक कुमार वर्मा के निरीक्षण के बाद पठानकोट से ट्रेन चलाने को लेकर कवायद तेज हो गई है। तीन साल बाद रेलवे चक्की पुल से पहली बार खाली डिब्बों के साथ ट्रेन गुजरी।
बता दें कि पठानकोट से नूरपुर रोड तक रेल इंजन के साथ ट्रायल किया गया। लोको रेल इंजन 722 करीब अढ़ाई बजे पठानकोट से चला और नए बने चक्की पुल से गुजरते हुए करीब 3 बजकर 33 मिनट पर नूरपुर रोड (जसूर) रेलवे स्टेशन पर पहुंचा। वहीं, शाम करीब 4 बजकर 10 मिनट लोको इंजन 726 पांच खाली डिब्बों के साथ नूरपुर रोड रेलवे स्टेशन से पठानकोट के लिए निकला। यह ट्रेन 15 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलकर पठानकोट पहुंचेगी।
बता दें कि तीन साल पहले अगस्त 2022 में बरसात में रेलवे चक्की पुल गिर गया था। इसके बाद कांगड़ा घाटी ट्रैक पर पठानकोट से ट्रेनों की आवाजाही बंद थी। हालांकि, बीच-बीच में नूरपुर रोड से बैजनाथ पपरोला तक ट्रेन की आवाजाही शुरू होती रही, लेकिन बरसात के चलते बंद हो गई। अभी कांगड़ा से बैजनाथ पपरोला तक ही दो जोड़ी ट्रेन चल रही है।
नूरपुर रोड़ से कांगड़ा तक ट्रैक सुना पड़ा है। सुचारू रूप से ट्रेन न चलने के चलते लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। पुल का काम लगभग पूरा होने के बाद 12 जनवरी को महाप्रबंधक उत्तर रेलवे अशोक कुमार वर्मा ने डीआरएम जम्मू डिवीजन विवेक कुमार के साथ चक्की पुल सहित नूरपुर रोड का निरीक्षण किया। नैरो गेज के रेल चक्की ब्रिज का निरीक्षण कर वर्तमान में चल रहे मरम्मत कार्यों का जायजा लिया तथा इन मरम्मत कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महाप्रबंधक ने पठानकोट जं. रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण कर स्टेशन मास्टर कार्यालय, बुकिंग कार्यालय, रिटायरिंग रूम तथा स्टेशन पर वर्तमान में चल रहे पुनर्विकास कार्यों का जायजा लिया और उपस्थित अधिकारियों को पुनर्विकास कार्यों से संबंधित विशेष दिशा-निर्देश भी दिए।
पठानकोट-जोगिन्दर नगर नैरो गेज (762 मिमी) रेलवे लाइन के महत्वपूर्ण खंड के अंतर्गत आने वाले प्रमुख रेलवे स्टेशनों नूरपुर रोड, तलाड़ा, ज्वाली और नैरो गेज सेक्शन में स्थित ट्रैक, पुलों, स्टेशनों और सिग्नलिंग प्रणालियों का गहन निरीक्षण भी किया।
उन्होंने बताया कि मार्च से पहले पठानकोट से ट्रेनों की आवाजाही शुरू कर दी जाएगी। पुल को लेकर कागज सीआरएस (Commissioner of Railway Safety) को सौंपे जाएंगे। सीआरएस के इंस्पेक्शन के बाद ट्रेनों की आवाजाही को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
महाप्रबंधक उत्तर रेलवे अशोक कुमार वर्मा के दौरे के बाद पठानकोट से ट्रेन चलाने को लेकर हलचल तेज हो गई है। इससे पहले पठानकोट से डलहौजी रोड़ तक रेल इंजन के साथ ट्रायल किया गया। 21 जनवरी, 2026 यानी आज पठानकोट से रेल इंजन चक्की पुल को क्रॉस करते हुए नूरपुर रोड पहुंचा और नूरपुर रोड से एक इंजन पांच डिब्बों के साथ पठानकोट के लिए निकला।
पठानकोट से ट्रेन चलाने को लेकर हुई इस हलचल के बाद जसूर के व्यापारियों में खुशी है। व्यापार मंडल जसूर अध्यक्ष राजीव महाजन, भरत, बंटू शर्मा, शिवू, रघु आदि ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि पठानकोट से ट्रेनों की सुचारू आवाजाही के बाद जसूर के व्यापार पर लगा ग्रहण दूर होगा। वहीं, लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी।