ऋषि महाजन/नूरपुर। पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत थाना इंदौरा पुलिस ने अवैध रूप से खैर की लकड़ी का परिवहन करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से पिकअप वाहन में खैर की 27 लकड़ियां (लॉग) बरामद की हैं।
जानकारी के अनुसार 27 दिसंबर 2025 की रात करीब 10:45 बजे थाना इंदौरा की पुलिस टीम इंदपुर चौक पर गश्त व नाकाबंदी के दौरान मौजूद थी। इसी दौरान कच्चे लिंक रोड कत्था फैक्ट्री इंदपुर की ओर से इंदौरा-गंगथ मुख्य सड़क की तरफ आ रहे एक पिकअप वाहन संख्या PB35Q8133 को जांच के लिए रोका गया।
वाहन चालक की पहचान करनैल सिंह पुत्र चरणदास, निवासी गांव व डाकघर चन्नौर, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा, उम्र करीब 55 वर्ष के रूप में हुई। तलाशी लेने पर पिकअप से खैर की लकड़ी के कुल 27 छोटे-बड़े लॉग बरामद किए गए। चालक खैर की लकड़ी से संबंधित कोई भी वैध परमिट, लाइसेंस या अनुमति पुलिस के समक्ष प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामला धारा 303(2) बीएनएस तथा भारतीय वन अधिनियम की धारा 41 व 42 के अंतर्गत दंडनीय पाए जाने पर थाना इंदौरा में एफआईआर संख्या 219/25 दर्ज कर ली है। मामले की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध वन उपज के कटान और परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।