राकेश कुमार/बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर के स्वारघाट के तहत ग्राम डडवाल निवासी बीर सिंह ने भूमि तकसीम (बंटवारे) में हो रही लंबी देरी को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से हस्तक्षेप की मांग की है।
इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर अपनी कठिन परिस्थितियों से अवगत करवाया है। बीर सिंह ने बताया कि उन्होंने करीब दो वर्ष पूर्व संबंधित विभाग में भूमि की तकसीम के लिए आवेदन किया था, लेकिन अभी तक प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है। इसी बीच आई प्राकृतिक आपदा में उनका रिहायशी मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया जिससे उन्हें अपना घर छोड़ना पड़ा।
पीड़ित ने कहा कि वर्तमान में वह किराये के मकान में रहने को मजबूर हैं। यदि भूमि की तकसीम शीघ्र पूरी करवा दी जाए तो उन्हें अपने हिस्से में आने वाली भूमि पर मकान निर्माण करने का अवसर मिलेगा और वह अपने परिवार के साथ सुरक्षित जीवन व्यतीत कर सकेंगे।
बीर सिंह ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि उनकी स्थिति को देखते हुए भूमि तकसीम की प्रक्रिया को जल्द पूरा करवाने के निर्देश दिए जाएं ताकि उन्हें राहत मिल सके।