शिमला। जिला शिमला में भारी बारिश के कारण काफी हादसे हो रहे हैं। शिमला ग्रामी के जुब्बल और कोटखाई उपमंडलों में हुई मूसलधार बारिश से काफी नुकसान पहुंचा है।
कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण सड़कें बंद हो गईं। राष्ट्रीय राजमार्ग-707 स्नैल के पास भूस्खलन के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, हालांकि बाद में मार्ग बहाल कर दिया गया।
जुब्बल के छाजपुर क्षेत्र में भारी बारिश के चलते एक पेड़ गिर गया। ये पेड़ एक चलती कार नंबर एचपी-10बी-8852 पर गिरा। गनीमत रही कि कार में सवार दोनों लोग सुरक्षित बच निकले।
प्रशासन ने लोगों से नदियों-नालों से दूर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सख्त हिदायत दी है। नावर क्षेत्र में टूटूपानी-कुठाड़ी, खदराला-खारला, खदराला-खंगटेड़ी-सरास, टिक्कर-देउरीघाट-खड़ापत्थर, टिक्कर-हस्टाड़ी-रोहडू मार्ग भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हैं।