राजगढ़। सिरमौर जिला के राजगढ़ उपमंडल के पझौता इलाके के शावगा में रविवार को भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। ओलावृष्टि के कारण किसानों की करीब 90 फीसदी फसलों को नुकसान पहुंचा है। बगीचे और अन्य फसलें काफी हद तक तबाह हुई है।
शावगा से बागवान संजीव रपेइक ने बताया कि ओलावृष्टि के कारण सेब और पलम के बगीचे में भारी नुकसान हुआ है। आलू भी काफी हद तक खराब हो गए हैं। स्ट्रॉबेरी की फसल भी पूरी तरह खराब हो गई है।
वहीं, शिमला के ठियोग, कोटगढ़, कुमारसैन और आसपास के क्षेत्रों में आई भीषण ओलावृष्टि ने सेब, चेरी, आलू बुखारा जैसे फलों और सब्जियों की फसलों को गहरा नुकसान पहुंचाया है।
सेब की डालियां टूट गईं, बांस के सहारे ढह गए और ओला-जाल तक फट गए। बागवान-किसानों की मेहनत पल भर में तबाह हो गई है। किसान-बागवानों ने सरकार से निवेदन किया है कि प्रभावित किसानों को राहत व मुआवजा प्रदान किया जाए।