ऋषि महाजन/नूरपुर। कांगड़ा जिला के राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ, शिक्षा खंड राजा का तालाब के सत्र 2025-28 के त्रैवार्षिक चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हुए। यह चुनाव राजकीय प्राथमिक पाठशाला डागला में खंड के केंद्रीय मुख्य शिक्षक तरसेम सिंह की अध्यक्षता में आयोजित किए गए।
चुनाव पर्यवेक्षक सुरिंदर शर्मा (खंड अध्यक्ष इंदौरा) और बलवीर सिंह संधु (खंड अध्यक्ष फतेहपुर) की देखरेख में निर्वाचन प्रक्रिया सम्पन्न हुई, जिसमें खंड के लगभग 157 अध्यापकों ने भाग लिया।
चुनाव में बलदेव सिंह को लगातार तीसरी बार खंड अध्यक्ष चुना गया। उन्हें कुल 93 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंदी कुलदीप सिंह को 61 मत प्राप्त हुए। तीन अध्यापक अनुपस्थित रहे। इस दौरान निर्विरोध रूप से शमशेर पठानिया को महासचिव और मदन लाल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
हालांकि, नवनियुक्त अध्यक्ष बलदेव सिंह के समक्ष पद ग्रहण करते ही एक बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। संघ के नियमों के अनुसार खंड अध्यक्ष को उसी शिक्षा खंड में कार्यरत होना अनिवार्य है, लेकिन बलदेव सिंह को हाल ही में पदोन्नति के उपरांत कांगड़ा शिक्षा खंड में स्थानांतरित कर दिया गया है।
 चुनाव पर्यवेक्षक बलवीर सिंह संधु ने जानकारी दी कि यदि छह माह के भीतर बलदेव सिंह का तबादला पुनः राजा का तालाब खंड में नहीं होता, तो संघ के नियमों के अनुसार उपचुनाव कराना अनिवार्य होगा।
बलदेव सिंह ने इस चुनौती को स्वीकार करते हुए कहा कि वह शिक्षकों की समस्याओं को लगातार उठाते रहे हैं और भविष्य में भी उनकी आवाज बनते रहेंगे। 
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह प्रयासरत हैं कि उनका स्थानांतरण पुनः शिक्षा खंड राजा का तालाब में हो, ताकि वे संघ के कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा सकें।