मनाली। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला के मनाली में रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। रानीनाला में एक कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, ऑल्टो कार जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर HP01K-7850 है तथा वैध रोहतांग परमिट नंबर TM2025070699 है, रानीनाला के पास सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरी।
हादसे के समय गाड़ी में कुल पांच लोग सवार थे। चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया वहीं एक व्यक्ति घायल हुआ है जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
डीएसपी मनाली ने मामले की पुष्टि की है। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ऐसा कहा जा रहा है कि हादसा खराब मौसम या तेज रफ्तार के कारण हुआ है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी हादसे की सूचना मिलने पर दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा,"पुलिस थाना मनाली क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में चार लोगों की दु:खद मृत्यु एवं एक अन्य के गंभीर रूप से घायल होने का समाचार प्राप्त होने पर कहा कि ये ख़बर अत्यंत हृदयविदारक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि घायल व्यक्ति को त्वरित उपचार के लिए समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि ईश्वर दिवंगत जनों की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवारजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। मुख्यमंत्री ने घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।"