हिमाचल भाजपा मीडिया विभाग प्रभारी रणधीर शर्मा बड़ा खुलासा-पढ़ें खबर
ewn24news choice of himachal 01 Apr,2024 12:08 am
शिमला में प्रेसवार्ता में कही बड़ी बात
शिमला। हिमाचल कांग्रेस के कुछ विधायक भाजपा के संपर्क में हैं और पार्टी ज्वाइन करना चाहते हैं। यह दावा भाजपा विधायक और मीडिया विभाग प्रभारी रणधीर शर्मा ने शिमला में प्रेसवार्ता में किया है।
उन्होंने कहा कि सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए 6 पूर्व विधायकों के लिए अपमानित शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो उनकी पद की गरिमा के खिलाफ है। मुख्यमंत्री को इस तरह की अमर्यादित भाषा शोभा नहीं देती है।
रणधीर शर्मा ने कहा कि सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू 15 महीने के कार्यकाल में अपने विधायकों को संतुष्ट नहीं कर पाए और विधायकों को अपमानित करते रहे, जिसके चलते 6 बागी विधायकों ने कांग्रेस सरकार का दामन छोड़ भाजपा को समर्थन दिया।
कुछ और विधायक भी भाजपा के संपर्क में हैं और पार्टी में शामिल होना चाहते हैं। सरकार अल्पमत में चल रही है और सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू उपचुनाव से घबरा गए हैं। भाजपा सभी सीटों पर उपचुनाव जीतेगी।
रणधीर शर्मा ने कहा कि तीन निर्दलीय विधायकों के इस्तीफे स्वीकार न करना असंवैधानिक है। विधायकों ने स्वेच्छा से व्यक्तिगत रूप से पेश होकर विधानसभा अध्यक्ष को इस्तीफा दिया है।
ऐसे में इस्तीफा स्वीकार करना चाहिए, लेकिन कांग्रेस सरकार चुनाव से घबरा गई है, इसलिए इस्तीफा स्वीकार नहीं किया जा रहा है और विधायकों को धरने पर बैठना पड़ रहा है।