शिमला। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने असिस्टेंट प्रोफेसर (कॉलेज कैडर) के पदों पर भर्ती शुरू की है। कुल 373 पदों पर भर्ती होगी। इन पदों के लिए 14 जुलाई, 2026 तक आवेदन किए जा सकते हैं। वहीं, युवाओं ने असिस्टेंट प्रोफेसर (कॉलेज कैडर) के पदों पर भर्ती शुरू होने पर सवाल उठाए हैं।
युवाओं का कहना है कि अभी 7 जून, 2026 को सेट (SET) का पेपर हुआ है। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने रिजल्ट से पहले ही इन पदों पर भर्ती शुरू कर दी है। नोटिफिकेशन के आधार पर जुलाई 2026 के तीसरे हफ़्ते में पेपर होने की संभावना है। आयोग 14 जुलाई, 2026 तक आवेदन प्राप्त करेगा और इसके बाद अगले एक हफ्ते में परीक्षा भी आयोजित करवा दी जाएगी।
नया सिलेबस भी कुछ दिन पहले ही जारी किया है। ऐसे में इतने कम समय में कैसे तैयारी हो पाएगी। युवाओं का कहना है कि असिस्टेंट प्रोफेसर कॉलेज कैडर के पदों पर भर्ती को लेकर हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग इतनी जल्दबाजी में क्यों है? युवाओं ने मांग की है कि सेट का रिजल्ट भी जल्द निकाला जाए और परीक्षा के लिए और समय दिया जाए। यानी परीक्षा जुलाई के तीसरे सप्ताह में आयोजित न की जाए।