Breaking News

  • हिमाचल में बड़ा हादसा, मां-बेटे सहित 6 लोगों की गई जान, दत्तनगर से काशापाट लौट रही थी पिकअप
  • नूरपुर में 65 लाख का नशा राख, 93 मामलों में जब्त मादक पदार्थों को किया नष्ट
  • रियाली में ट्रैक्टर-बाइक में टक्कर, शाह नहर विभाग में कार्यरत बेलदार की गई जान
  • हिमाचल प्रदेश को चंडीगढ़ में मिले 7.19 प्रतिशत वैधानिक हिस्सा
  • हिमाचल में मुख्यमंत्री सहारा योजना के लाभार्थी सात दिन के भीतर करवाएं ई-केवाईसी
  • धर्मशाला कोतवाली बाजार से कालापुल तक सड़क तीन दिन रहेगी बंद
  • शाहपुर के पुहाड़ा में पुल के नीचे मिली रेहलू निवासी की देह, चंबा से लौट रहे थे घर
  • आंधी, तूफान, बिजली गिरने और तेज हवा चलने की संभावना को लेकर येलो अलर्ट जारी
  • हमीरपुर कॉलेज इग्नू अध्ययन केंद्र में प्रवेश प्रक्रिया जारी, जल्द करें आवेदन
  • HRTC हड़ताल पर डिप्टी सीएम सख्त : कहा-चक्का जाम गैरकानूनी, बसें नहीं चलानी तो चाबियां वापस करें

हिमाचल में 1400 से अधिक सरकारी पदों पर भर्ती को मंजूरी, कैबिनेट के फैसले जानें विस्तार से

ewn24 news choice of himachal 06 Jun,2026 6:12 pm


    शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आज राज्य सचिवालय में आयोजित कैबिनेट की बैठक में प्रदेश की जनता, कर्मचारियों और युवाओं के हित में कई ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

    कैबिनेट ने जहां एक तरफ स्वास्थ्य और लोक निर्माण विभाग में 1400 से अधिक विभिन्न पदों को भरने की हरी झंडी दी, वहीं दूसरी तरफ किसानों, भूमिहीनों और आपदा प्रभावितों के लिए बड़ी राहत योजनाओं का ऐलान किया।

    रोजगार का पिटारा: 1400 से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती


    बेरोजगार युवाओं के लिए यह कैबिनेट बैठक बड़ी सौगात लेकर आई है। सुक्खू सरकार ने विभिन्न विभागों में खाली पदों को भरने की मंजूरी दी है:

    स्वास्थ्य विभाग: 300 चिकित्सा अधिकारी, 200 स्टाफ नर्स, 250 चतुर्थ श्रेणी/मल्टी टास्क वर्कर, 76 ऑपरेशन थिएटर सहायक, 36 रेडियोग्राफर और 50 लैब तकनीशियन (ग्रेड-2) के पद भरे जाएंगे।

    भर्ती निदेशालय:
    वर्क इंस्पेक्टर के 400 पदों को सृजित कर तुरंत भरने की मंजूरी दी गई है।

    मेडिकल और उच्च शिक्षा: विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में 75 असिस्टेंट प्रोफेसर और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में 17 असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती होगी।

    कर्मचारियों और अभ्यर्थियों को बड़ी राहत


    करुणामूलक नियुक्तियां: कैबिनेट ने पहले अस्वीकृत हो चुके करुणामूलक मामलों पर मानवीय दृष्टिकोण से दोबारा विचार करने और विशेष छूट देने का निर्णय लिया है।

    अंशकालिक कर्मचारी: 31 मार्च, 2026 तक 7 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके अंशकालिक कर्मचारियों को दैनिक वेतनभोगी बनाया जाएगा।

    परीक्षा शुल्क वापसी: पूर्ववर्ती हमीरपुर कर्मचारी चयन आयोग द्वारा रद्द किए गए 80 पोस्ट कोड के अभ्यर्थियों को 4.27 करोड़ रुपये का परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा।

    अध्ययन अवकाश और पितृत्व अवकाश: पढ़ाई के लिए छुट्टी पर जाने वाले कर्मचारियों को पूरा वेतन मिलेगा, वहीं जॉब ट्रेनीज़ को 15 दिन का पितृत्व अवकाश (Paternity Leave) मिलेगा।

    अतिक्रमण और कृषि ऋण पर ऐतिहासिक नीतियां


    अतिक्रमण नियमितीकरण नीति-2026:
    भूमिहीन परिवारों और सीमांत किसानों के हितों की रक्षा के लिए सरकारी भूमि पर कुछ अतिक्रमणों को नियमित करने की नीति को मंजूरी दी गई है, जिसे अंतिम स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार को भेजा गया है।

    कृषि ऋण ब्याज अनुदान योजना:
    जिन किसानों की जमीनें नीलामी के कगार पर हैं, उनके 3 लाख रुपये तक के कृषि ऋण पर ब्याज की 50% देनदारी सरकार खुद उठाएगी। इससे प्रदेश के 6,356 किसानों को सीधा लाभ होगा।

    हिमकेयर योजना में बड़ा सुधार और अन्य महत्वपूर्ण फैसले


    हिमकेयर (Him Care) का नया मॉडल: अब हिमकेयर योजना को बीमा मॉडल के तहत चलाया जाएगा, जिससे लाभार्थियों का स्वास्थ्य बीमा कवर 5 लाख से बढ़ाकर 7 लाख और कुछ मामलों में 10 लाख रुपये तक कर दिया गया है।

    भांग की खेती का नियमन:
    हिमाचल प्रदेश एनडीपीएस नियम, 1989 में संशोधन कर चिकित्सा और वैज्ञानिक उद्देश्यों के लिए भांग की खेती, प्रसंस्करण और भंडारण को कानूनी दायरे में नियमित किया जाएगा।

    राजीव गांधी स्टार्ट-अप योजना (चौथा चरण): स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए युवाओं को ई-बस खरीदने पर 50% और डीजल बस पर 30% सब्सिडी दी जाएगी।

    अग्नि प्रभावितों को ₹7 लाख:
    शिमला जिले के जुब्बल, कोटखाई और रोहड़ू में आग से पूरी तरह नष्ट हुए मकानों के लिए प्रति परिवार 7 लाख रुपये का विशेष राहत पैकेज मंजूर किया गया है।

    ट्रैक्टर मालिकों को राहत:
    घरेलू उपयोग के लिए खनिज ले जाने वाले ट्रैक्टरों की कंपाउंडिंग फीस 4,500 रुपये से घटाकर मात्र 500 रुपये कर दी गई है।

    इसके अलावा बैठक में सोलन जिला के राज्य स्तरीय शूलिनी मेले को राष्ट्रीय स्तर का दर्जा प्रदान करने तथा चंबा जिला के छतराड़ी स्थित मां शिव शक्ति जातर मेले तथा कांगड़ा जिला के इंदौरा स्थित शिवरात्री मेले काठगढ़ को राज्य स्तरीय मेले का दर्जा देने को स्वीकृति प्रदान की।

    मंत्रिमंडल ने कांगड़ा जिला के मेले नेरटी रैत, सोलन जिला के अर्की तहसील के बाड़ीधार मेले सरयांज, चंबा जिला के छिंज मेले गरनोटा तथा मंडी जिला के करसोग तहसील के नाहवीधार मेले को जिला स्तरीय मेले का दर्जा देने को मंजूरी दी।

    बैठक में शिमला जिले के जुब्बल स्थित ठाकुर रामलाल कन्या खेल छात्रावास को ठाकुर रामलाल राजकीय बालिका खेल विद्यालय, जुब्बल में स्तरोन्नत करने तथा विभिन्न श्रेणियों के 23 पद सृजित कर भरने को स्वीकृति दी गई।

    मंत्रिमंडल ने मुख्यमंत्री सहारा योजना का सुचारू और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) को भी मंजूरी दी। शिक्षा सचिव ने मंत्रिमंडल केे समक्ष सीबीएसई विद्यालयों से संबधित एक प्रस्तुति भी दी।


    हिमाचल और देश दुनिया से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाएं अपने फोन पर, जुड़े WhatsApp ग्रुप के साथ 






Himachal Latest

Live video

Jobs/Career

Trending News

  • Crime

  • Accident

  • Politics

  • Education

  • Exam

  • Weather