धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE), धर्मशाला के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 के मैट्रिक एवं जमा दो (नियमित) श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए कंपार्टमेंट, Essential Improvement, Optional Improvement, Special Chance, Additional Subject, Diploma Holder Re-appear तथा अन्य अनुमत श्रेणियों की अनुपूरक परीक्षाएं प्रातःकालीन सत्र (08:45 बजे से 12:00 बजे तक) में आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि मैट्रिक (नियमित) श्रेणी की अनुपूरक परीक्षाएं दिनांक 03 जुलाई 2026 से 10 जुलाई 2026 तक तथा जमा दो (नियमित) श्रेणी की अनुपूरक परीक्षाएं 03 जुलाई 2026 से 16 जुलाई 2026 तक संचालित की जाएंगी। परीक्षा कार्यक्रम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
डॉ. शर्मा ने विशेष रूप से उन अभ्यर्थियों को भी सूचित किया है जिन्होंने किसी अपरिहार्य कारणवश पूर्व निर्धारित परीक्षा में भाग नहीं लिया था अथवा विशेष अवसर (Special Chance) के लिए बोर्ड को आवेदन प्रस्तुत किए थे। ऐसे अभ्यर्थियों से आग्रह किया गया है कि वे अपने आवेदन की स्थिति की पुष्टि कर निर्धारित परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा में उपस्थित होना सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए जिला एवं श्रेणीवार हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से परीक्षा से संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है। बोर्ड द्वारा परीक्षा के सफल एवं सुचारू संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।