शिमला। हिमाचल प्रदेश में सितंबर माह में अब तक सामान्य से 78 फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। एक जिले को छोड़कर बाकी जिलों में अच्छी बारिश हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के आंकड़ों के अनुसार बिलासपुर जिला में सबसे अधिक 220 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है।
हमीरपुर में 175, मंडी में 160, सोलन में 156, कुल्लू में 148, शिमला में 136, सिरमौर में 81, चंबा में 55, कांगड़ा में 37, ऊना में 36 और लाहौल स्पीति में 27 फीसदी अधिक मेघ बरसे हैं। किन्नौर में 2 फीसदी कम बारिश हुई है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की 26 सितंबर 2025 की अपडेट के अनुसार 26 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक हिमाचल में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। अगले 3 से 4 दिन में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बड़ा परिवर्तन नहीं होने की संभावना है। इसके बाद अगले 3-4 दिन के दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट की संभावना है।